Tuesday, February 17, 2026

              Chhattisgarh : दादी-पोते पर जानलेवा हमला, 4 गिरफ्तार, गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद; महाशिवरात्रि की रात घर से बाहर बुलाकर मारा चाकू

              दुर्ग: जिले में दादी और पोते पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमले की वजह सिर्फ यह थी कि पोते ने आरोपियों को गाड़ी खड़ी करने से मना किया था। 4 आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला और मारपीट की धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

              दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधा तालाब के पास रहने वाला कमल देशमुख (27 साल) 8 मार्च महाशिवरात्रि की रात नया पारा चौक स्थित शिव मंदिर के पास भंडारा बांट रहा था। इस दौरान आरोपी भी वहां पहुंचे थे। आरोपियों ने गाड़ी भंडारा वाली जगह खड़ी कर दी थी, जिस पर कमल ने उन्हें गाड़ी हटाने को कहा।

              प्रेम-प्रसंग से शुरू हुआ था विवाद

              इसपर दोनों के बीच विवाद हो गया, लेकिन मामला शांत होने के बाद सभी अपने घर चले गए थे। बताया जा रहा है कि आरोपियों का पहले भी किसी प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से आरोपी मन में रंजिश रखे हुए थे।

              घर से बाहर बुलाकर मारा चाकू

              घर पहुंचने के बाद कमल सोने चला गया। तभी धमेंद्र साहू, देवेंद्र साहू, मुकेश साहू और लाकेश साहू उसके घर पहुंचे और गाली गलौज कर उसे घर से बाहर बुलाया। फिर चारों ने उस पर चाकू आदि से जानलेवा हमला कर दिया।

              बीच-बचाव में आई दादी को भी मारा चाकू

              आरोपी जब कमल को बेरहमी से पीट रहे थे, तो उसकी दादी अमरिका देशमुख आवाज सुनकर वहां पहुंची और उसने बीच-बचाव का प्रयास किया। इसी बीच आरोपियों ने दादी को भी मारपीट कर उसे भी चाकू मारकर जख्मी कर दिया। फिर वहां से भाग खड़े हुए।

              आरोपियों को भेजा गया जेल

              प्रभारी सब इंस्पेक्टर खगेंद्र पठारे ने बताया कि सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। चारों आरोपियों की खोजबीन कर गिरफ्तार के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories