Sunday, February 15, 2026

              कोरबा : ऑटो चालक ने महिला को लौटाया गहनों से भरा थैला, बाजार से लौटते समय छूटा था, जिला ऑटो संघ के कार्यालय पहुंची महिला

              कोरबा: जिले में एक ऑटो चालक ने चांदी के गहनों से भरा थैला महिला को वापस लौटाया।भैसमा से बुधवारी लौट रही महिला का थैला ऑटो में छूट गया था, जिसके बाद जिला ऑटो संघ के कार्यालय में महिला को बुलवाकर वापस किया गया।

              जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले शनिवार को भैसमा से बुधवारी वापसी के दौरान महिला गायत्री बरेठ का थैला ऑटो में ही छूट गया था। उस थैले में शादी के लिए बनवाए गहने थे। थैला गुम होने के बाद महिला काफी परेशान हो गई थी। अपने स्तर पर काफी खोजबीन करने के बाद जब उसे सफलता नहीं मिली तब वह पता करते हुए सीधे ऑटो संघ के कार्यालय पहुंची।

              ऑटो की साफ-सफाई के दौरान चालक को मिला थैला

              जिला ऑटो संघ के अध्यक्ष गिरजेश श्री ठाकुर ने बताया कि कृष्णा नगर निवासी ऑटो चालक श्याम दास देर रात अपने ऑटो की साफ-सफाई कर रहा था। इस दौरान उसे अपने ऑटो में एक थैला मिला, जिसमें चांदी के जेवर रखे हुए थे। ऑटो चालक ने तुरंत उस थैले को जिला ऑटो संघ के हवाले किया।

              शादी के लिए की थी चांदी की जेवर की खरीदारी

              जहां सोमवार को काफी खोजबीन के बाद महिला ढूंढते हुए जिला ऑटो संघ के कार्यालय पहुंची, तो थैले को सम्मान पूर्वक उसे वापस लौटाया गया। महिला को जैसे ही चांदी के जेवर से भरा थैला वापस लौटाया गया उसके चेहरे पर मुस्कान आ गई। महिला ने बताया कि परिवार में एक शादी थी, जिसके लिए वह चांदी की खरीदारी कर लेकर जा रही थी। उसने ऑटो संघ को धन्यवाद दिया।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories