बैंकॉक: थाईलैंड में चल रहे ब्यूटी कॉन्टेस्ट मिस यूनिवर्स इवेंट के दौरान मंगलवार को विवाद बढ़ गया। मिस यूनिवर्स थाईलैंड के डायरेक्टर नवात इत्साराग्रिसिल ने मंच पर मिस मेक्सिको फातिमा बोश को सबके सामने डांटते हुए बेवकूफ कह दिया।
इसके विरोध में कई देशों की कंटेस्टेंट्स ने हॉल से बाहर निकलकर विरोध जताया। नवात ने फातिमा से कहा कि उन्होंने प्रतियोगिता से जुड़े प्रमोशनल कंटेंट शेयर नहीं किए।
जब फातिमा ने इस पर आपत्ति जताई, तो नवात ने सुरक्षा कर्मियों को बुलाने की धमकी दी और कहा कि जो भी उनके समर्थन में आएगा, उसे प्रतियोगिता से बाहर किया जा सकता है। इसके बाद फातिमा मंच छोड़कर बाहर चली गईं।
सोशल मीडिया पर भारी विरोध के बाद नवात ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी और कहा कि अगर किसी को बुरा लगा है, तो वह माफी चाहते हैं।

फातिमा के बाहर निकलने के बाद कई और कंटेस्टेंट्स भी उनके समर्थन में बाहर निकल गईं।
नवात के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी
घटना के बाद मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन (MUO) ने नवात के व्यवहार को ‘दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक’ बताते हुए कड़ी निंदा की।
संगठन के अध्यक्ष राउल रोचा ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि नवात ने बतौर मेजबान अपने कर्तव्य का सम्मान नहीं किया और एक महिला को धमकाकर उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई।
रोचा ने कहा कि नवात की भूमिका को सीमित कर दिया जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रोचा ने यह भी बताया कि MUO ने अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों की एक टीम को थाईलैंड भेज दिया है, जो अब प्रतियोगिता का संचालन संभालेगी।
मौजूदा मिस यूनिवर्स भी हॉल से बाहर निकलीं
हॉल से बाहर जाने वालों में मौजूदा मिस यूनिवर्स, डेनमार्क की विक्टोरिया किएर थेलविग भी शामिल थीं। बाहर निकलते वक्त उन्होंने कहा, “यह महिलाओं के अधिकारों का सवाल है। किसी लड़की की बेइज्जती बर्दाश्त नहीं की जा सकती। इसलिए मैं यहां से जा रही हूं।”
वहीं, फातिमा बोश ने कहा कि वह अपनी आवाज उठाने से नहीं डरतीं। उन्होंने कहा, “मैं यहां सिर्फ सजने-संवरने या कपड़े बदलने नहीं आई हूं। मैं उन महिलाओं और लड़कियों की आवाज बनने आई हूं जो अपने अधिकारों के लिए लड़ रही हैं। मैं अपने देश से कहना चाहती हूं कि मैं पूरी मजबूती के साथ खड़ी हूं और अपनी बात कहूंगी।”
दुनिया की सबसे बड़ी ब्यूटी पेजेंट है मिस यूनिवर्स
मिस यूनिवर्स दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित और चर्चित ब्यूटी पेजेंट प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें हर साल कई देशों की सुंदर और प्रतिभाशाली युवा महिलाएं हिस्सा लेती हैं। इसकी शुरुआत वर्ष 1952 में हुई थी और तब से यह प्रतियोगिता लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही है।
मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन (MUO) द्वारा आयोजित इस इवेंट में लगभग 80 से 90 देशों की प्रतिभागी हिस्सा लेती हैं। प्रत्येक देश की राष्ट्रीय विजेता इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करती हैं।
पेजेंट के दौरान प्रतिभागियों को कैटवॉक, इंटरव्यू, नेशनल कॉस्ट्यूम, ईवनिंग गाउन और सवाल-जवाब जैसे कई राउंड से गुजरना होता है।
अंतिम चरण में पूछे गए सवाल अक्सर सामाजिक मुद्दों, विश्व शांति, महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और नेतृत्व से जुड़े होते हैं, जिससे विजेता के सोच और दृष्टिकोण की परख की जाती है।
मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली प्रतिभागी को एक साल का अंतरराष्ट्रीय कॉन्ट्रैक्ट मिलता है, जिसके दौरान वह विभिन्न देशों में सामाजिक अभियानों, चैरिटी प्रोग्राम, महिला अधिकार, शिक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यक्रमों से जुड़ती है। इसके साथ ही कई ग्लोबल ब्रांड्स का वह चेहरा भी बनती है।

(Bureau Chief, Korba)




