KORBA : अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर कोरबा में विविध कार्यक्रमों का आयोजन

        कोरबा (BCC NEWS 24): अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस का आयोजन समाज कल्याण विभाग कोरबा एवं स्कूल शिक्षा विभाग कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में साडा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टी.पी. नगर, कोरबा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन एवं श्रीमती प्रेमलता बंजारे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ उपसंचालक समाज कल्याण श्री हरीश कुमार सक्सेना एवं सचिव, विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा सुश्री डिंपल भेड़िया द्वारा माता सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इनरव्हील एजुकेशन सोसायटी, अंकुर स्पेशल स्कूल एवं उमंग दिव्यांग विद्यालय द्वारा बनाए गए चित्रों एवं अन्य कलाकृतियों का स्टॉल लगाया गया, जिसका अवलोकन अतिथियों द्वारा किया गया।

        विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशक्तजन अधिकार अधिनियम 2016 की जानकारी बच्चों को प्रदान की गई। सचिव श्रीमती भेड़िया द्वारा श्रवणबाधित बच्चों की 50 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। विशेष विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी.पी. उपाध्याय ने समग्र शिक्षा मिशन अंतर्गत दिव्यांग छात्रों के लिए संचालित योजनाओं एवं सहयोगात्मक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में दिव्यांग बच्चों के उत्साह, प्रतिभा एवं उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा की तथा समाज एवं शासन द्वारा प्रदत्त सहयोग को प्रभावी बताया।

        मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा एवं दृढ़ संकल्प से नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों, शिक्षकों, अधिकारीदृकर्मचारियों एवं अभिभावकों को अल्पाहार एवं भोजन कराया गया। सभी प्रतिभागी दिव्यांग छात्रों को मुख्य अतिथि एवं सम्माननीय अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, उपसंचालक समाज कल्याण, जिला मिशन समन्वयक, परिवीक्षा अधिकारी, साडा कन्या उ.मा.वि. के प्राचार्य, इनरव्हील एजुकेशन सोसायटी, अंकुर स्पेशल स्कूल, उमंग विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



                Hot this week

                कोरबा: BALCO की सामुदायिक विकास कार्य बनी सामाजिक बदलाव की मजबूत कड़ी

                कोरबा/बालकोनगर (BCC NEWS 24): किसी गांव में जब किसान...

                Related Articles

                Popular Categories