रायपुर : पनीर एवं डेयरी उत्पाद वाले प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण : जांच के लिए सैंपल लिए गए

              रायपुर: नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा राजनांदगांव जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर एवं अन्य डेयरी उत्पादों के विनिर्माण और विक्रय से जुड़े प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य नमूने लिए गए हैं।

              खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा पनीर विनिर्माण करने वाली डेयरियों, पनीर विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों तथा पनीर से बने विभिन्न व्यंजन परोसने वाले होटल एवं रेस्टोरेंट सहित कुल 8 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पनीर एवं अन्य डेयरी उत्पादों के नमूने जांच हेतु संकलित कर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। नमूनों में से किसी भी नमूने के अमानक, मिथ्याछाप अथवा असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।

              इसके अतिरिक्त टीम द्वारा जिले में संचालित विभिन्न होटल-रेस्टोरेंट से टमाटर ग्रेवी, प्याज ग्रेवी, आटा एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को परिसर एवं रसोई क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, किसी भी संक्रामक रोग से ग्रसित कर्मी को खाद्य कार्य से पृथक रखने, मानक गुणवत्ता के खाद्य तेल के उपयोग सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए गए।

              आकस्मिक निरीक्षण के दौरान मनगटा टूरिस्ट स्पॉट पर संचालित नौटंकी रेस्टोरेंट में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का अभाव पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नागरिकों तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। विभाग ने समस्त खाद्य कारोबारियों से अपने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित विनिर्माण, भंडारण, प्रदर्शन एवं विक्रय सुनिश्चित करने की अपील की है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories