कैनबरा: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के मसाज थेरेपिस्ट सुमित सतीश रस्तोगी को 61 महिलाओं के यौन शोषण मामले में 13 साल 10 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। अदालत ने माना कि उसने महिलाओं का भरोसा तोड़ा और मसाज के दौरान उनके साथ गलत हरकतें कीं।
अधिकारियों के मुताबिक, 39 साल का सुमित 2011 में दिल्ली से ऑस्ट्रेलिया आया था। उसने अक्टूबर 2021 से जुलाई 2022 के बीच एक मसाज पार्लर में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। उसने कोर्ट में 97 आरोप स्वीकार किए, जिनमें महिलाओं के गुप्त वीडियो बनाना और यौन शोषण शामिल है।
कोर्ट ने कहा कि शुरुआत में उसकी हरकतें सीमित थीं, लेकिन धीरे-धीरे उसका व्यवहार गंभीर और बेकाबू होता गया। जज ने कहा कि महिलाएं इलाज और आराम के लिए उसके पास आई थीं, लेकिन उसने उनके भरोसे और सुरक्षा का गलत फायदा उठाया।
सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि सुमित के पास मसाज थेरेपी की कोई आधिकारिक योग्यता नहीं थी। कोर्ट ने कहा कि सजा पूरी होने के बाद उसे ऑस्ट्रेलिया से डिपोर्ट भी किया जा सकता है।

(Bureau Chief, Korba)




