बरसात में टपकती छत से मिली मुक्ति
रायपुर (BCC NEWS 24): सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत नारायणपुर के ग्राम कोलियारी में आयोजित समाधान शिविर एक जरूरतमंद परिवार के लिए खुशियों की बड़ी सौगात लेकर आया। इस विशेष शिविर में ग्रामीण हितग्राही जयदास नाग को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नवनिर्मित पक्के मकान की चाबी सौंपी गई। चाबी मिलते ही जयदास के चेहरे पर अपने पक्के घर के सपने को साकार होने की खुशी साफ झलक रही थी।
कच्चे मकान के दर्द से मिली मुक्ति
ग्राम कोलियारी के रहने वाले जयदास नाग लंबे समय से अपने परिवार के साथ एक कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर थे। सबसे ज्यादा परेशानी बरसात के दिनों में होती थी, जब छत से पानी टपकने के कारण पूरा परिवार रात-रात भर जागने को विवश हो जाता था। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए एक दूर का सपना था और परिवार की सुरक्षा की चिंता उन्हें हमेशा सताती रहती थी। ऐसे में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके जीवन में एक नई उम्मीद की किरण बनकर आई। इस पर उन्होंने कहा कि अब मेरा परिवार एक सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में रह सकेगा। बरसात के दिनों में अब हमें डरने की जरूरत नहीं है। मैं इस मदद के लिए शासन और जिला प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त करता हूँ।
सीधे जनता तक पहुँच रहा योजनाओं का लाभ
शिविर में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के सीधे पात्र और जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुँचे ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। इस मानवीय पहल की पूरे ग्रामवासियों ने जमकर सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, जिससे शासन और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

(Bureau Chief, Korba)




