रायपुर : सुशासन तिहार : जनसमस्या निवारण शिविर में त्वरित समाधान से मनहरण साहू को मिली बड़ी राहत

        आवेदन पर तत्काल कार्रवाई कर प्रदान की गई किसान किताब, खेती-किसानी के कार्य होंगे आसान

        रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल ‘सुशासन तिहार 2026’ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। प्रदेशभर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जा रहा है।

        इसी क्रम में जांजगीर-चांपा जिले के जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत ग्राम बिलारी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम कोहका निवासी श्री मनहरण साहू को त्वरित राहत मिली। श्री साहू किसान किताब बनवाने के लिए शिविर में आवेदन लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि किसान किताब नहीं होने के कारण उन्हें कृषि ऋण, खाद-बीज वितरण एवं खेती-किसानी से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

        शिविर में आवेदन प्राप्त होते ही संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर त्वरित प्रक्रिया पूरी की गई और मौके पर ही श्री मनहरण साहू को किसान किताब प्रदान की गई। किसान किताब मिलने पर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें खेती-किसानी से संबंधित कार्यों में सुविधा होगी और शासन की योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।

        श्री मनहरण साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसेमंद मंच बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और मौके पर समाधान करना सराहनीय पहल है।

        उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है।



                Hot this week

                रायपुर : अब न टपकती छत की चिंता, न सीलन का डर—जोहन सिंह के परिवार को मिला पक्का घर

                प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी पहल और मुख्यमंत्री विष्णु...

                Related Articles

                Popular Categories