रायपुर : प्राकृतिक आपदा से प्रभावित चार परिवारों को 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

            आर.बी.सी. 6-4 के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता

            रायपुर (BCC NEWS 24): जशपुर जिले में प्राकृतिक आपदाओं से हुई जनहानि के चार मामलों में प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करते हुए जिला प्रशासन ने राजस्व पुस्तक परिपत्र (आर.बी.सी.) खंड-6 क्रमांक-4 के तहत कुल 16 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। शासन के नियमानुसार प्रत्येक पात्र परिवार को 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की जाएगी अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुनकुरी तहसील के ग्राम तुरी बस्ती निवासी स्वर्गीय संदीप राम की डेम में डूबने से हुई मृत्यु के मामले में उनकी पुत्री स्नेहा को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार पत्थलगांव तहसील के ग्राम कुनकुरी निवासी स्वर्गीय शिवचंद यादव की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु होने पर उनकी पत्नी श्रीमती लालमुनी यादव को 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

            पत्थलगांव तहसील के ग्राम बालाझर निवासी स्वर्गीय बिमला बाई की तालाब में डूबने से हुई मृत्यु के मामले में उनके पति श्री बिहारी लाल को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। वहीं, फरसाबहार तहसील के ग्राम कोरंगामाल निवासी स्वर्गीय कपिल डनसेना की सर्पदंश से मृत्यु होने पर उनकी माता श्रीमती कौशल्या को 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत की गई है। जिला प्रशासन द्वारा प्राकृतिक आपदा एवं नैसर्गिक विपत्तियों से प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जा रही हैं, ताकि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक संबल मिल सके।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories