​रायपुर : महाविद्यालयों में लोकतंत्र की पाठशाला

            अगस्त भर गुंजेगा स्वीप का संदेश, युवा संभालेंगे मतदाता जागरूकता की कमान

            ​रायपुर (BCC NEWS 24): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार धमतरी जिले के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में अगस्त माह के दौरान व्यापक ‘व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता’ (SVEEP) अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों को इस बाबत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

            ​इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब निभाएगा मुख्य भूमिका

            अभियान के तहत प्रत्येक महाविद्यालय में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसमें कैम्पस एम्बेसडर, प्रोफेसर नोडल अधिकारी और ईएलसी सदस्य अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

            ​डिजिटल प्लेटफॉर्म व संवैधानिक प्रक्रिया का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

            युवाओं को ऑनलाइन व पारदर्शी निर्वाचन प्रणाली से जोड़ने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।जिनमें ​ECINET ऐप की उपयोगिता के संदर्भ में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण व विलोपन की ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ​चार अर्हता तिथियां 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर की जानकारी दी जाएगी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया की जानकारी के साथ – साथ भारत के संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सत्र आयोजित किया जाएगा।

            ​विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का होगा आयोजन

            स्वीप कार्ययोजना के तहत परिसरों में परिचर्चा, निबंध, प्रश्नोत्तरी, मॉक पोल, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, स्लोगन प्रतियोगिता और मतदाता शपथ जैसे सहभागितापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

            ​फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं से बचाव पर जोर

            अभियान में युवाओं को सोशल मीडिया पर फैलने वाली ‘फेक न्यूज’ और निर्वाचन संबंधी भ्रामक सूचनाओं की पहचान करने, उनकी सत्यता परखने और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

            ​05 सितंबर तक देनी होगी विस्तृत रिपोर्ट

            कलेक्टर  ने बताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही लोकतंत्र की असली ताकत है। उन्होंने सभी प्राचार्यों को कार्यक्रमों की पूर्व सूचना जिला निर्वाचन कार्यालय को देने के निर्देश दिए हैं ताकि अधिकारी भी इनमें शामिल हो सकें। साथ ही, अगस्त भर आयोजित गतिविधियों का विस्तृत पालन प्रतिवेदन 05 सितंबर 2026 तक निर्धारित प्रारूप में जमा करना अनिवार्य किया गया है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories