KORBA : श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में रिमेडियल क्लासेस का हुआ भव्य शुभारंभ

              शुभारंभ; पीएससी, एसएससी और बैंकिंग परीक्षाओं की मिलेगी नि:शुल्क तैयारी

              कोरबा (BCC NEWS 24): श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में आज दिनांक 5 अगस्त 2026 को रिमेडियल क्लासेस का औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय की छात्राओं को पीएससी (PSC), एसएससी (SSC) तथा बैंकिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उत्कृष्ट मार्गदर्शन और तैयारी प्रदान करना है। कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 150 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष श्री गोपाल अग्रवाल रहे। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने की। छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री गोपाल अग्रवाल ने महाविद्यालय की इस पहल की सराहना की। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि रिमेडियल एवं कोचिंग क्लासेस की शुरुआत विशेष रूप से उन मेधावी छात्राओं के लिए अत्यधिक लाभप्रद साबित होगी जो आर्थिक तंगी या भारी-भरकम फीस के कारण बाहर कोचिंग संस्थानों में दाखिला नहीं ले पाती हैं।

              इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय में नव-प्रवेशित छात्राओं का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने अपने संबोधन में रिमेडियल क्लास की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इन कक्षाओं के माध्यम से छात्राओं को केवल अकादमिक विषयों की जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि पीएससी, एसएससी एवं बैंकिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न, समय प्रबंधन और विषय-विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा ताकि वे करियर के क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकें। कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री रुचिका कल्ला सहायक प्राध्यापक के द्वारा किया गया एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापन रिमेडियल क्लास के समन्वयक श्री राजेश प्रकाश एक्का द्वारा किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि, प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं उपस्थित छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।


                              Hot this week

                              KORBA : सेवा सेतु – हर नागरिक तक सरल, सहज और समयबद्ध सेवाएँ

                              समय पर निवास एवं आय प्रमाण पत्र मिलने से...

                              Related Articles

                              Popular Categories