KOLKATA: कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला बिल्डिंग में मंगलवार रात करीब 1:45 बजे आग लग गई। बिल्डिंग के अंदर कई होटल थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, इनमें 2 महिलाएं और एक 4 साल का बच्चा शामिल है। सभी बेहोशी की हालत में मिले थे। 6 लोग घायल हुए हैं। अब तक 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
आग लगने के वक्त होटलों में ज्यादातर लोग सो रहे थे। बिल्डिंग में धुआं भरने के कारण उनका दम घुटने लगा। मरने वालों में 4 भारतीय और 5 बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत अभी भी काफी गर्म है, इसलिए कूलिंग का काम जारी है।
हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें…

फायर डिपार्टमेंट ने सीढ़ियां लगाकर अंदर फंसे लोगों का रेस्क्यू किया।

पुलिस और दमकल का रेस्क्यू ऑपरेशन करीब सुबह 4:30 बजे पूरा हुआ।

बिल्डिंग के अंदर तेज गर्मी होने के कारण कूलिंग का काम जारी है।

आग लगने के मामले की जांच के लिए FSL की टीम मौके पर पहुंची।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, मंत्री बोले- अंदर की व्यवस्था देखकर हैरान हूं
पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद होगी।
मंत्री ने कहा कि इमारत के अंदर की स्थिति बेहद खराब थी और यहां कई होटल चल रहे थे। उन्होंने कहा कि वहां की व्यवस्था देखकर वे हैरान हैं। मंत्री के मुताबिक, बिल्डिंग मैनेजमेंट ने बुनियादी सुरक्षा और निर्माण नियमों का पालन नहीं किया था।
होटल के संचालन में भी कई तरह की अनियमितताएं होने की शिकायत सामने आई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर जा सकते हैं।
बिल्डिंग मालिक फरार, केस दर्ज होगा
पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई जगहों पर दबिश दे रही है। आग लगने की वजह और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।

(Bureau Chief, Korba)






