रायपुर : दिल्ली अब दूर नहीं: सरगुजा को बड़ी रेल सौगात, अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के लिए अब सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन

        सरगुजा संभाग की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी, सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने द्वितीय साप्ताहिक ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

        मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए मिलेगी सीधी रेल सुविधा

        अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन का भी हो रहा विस्तार, नया प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइन और बड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण प्रगति पर

        रायपुर (BCC NEWS 24): सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का सफर अब और सुगम होगा। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन कर दी गई है। इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा से सरगुजा संभाग के साथ जशपुर, रायगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी दिल्ली तक सीधी रेल कनेक्टिविटी का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

        अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से मंगलवार को द्वितीय साप्ताहिक ट्रेन को सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर प्रातः 7.30 बजे रवाना किया। उन्होंने ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों से मुलाकात की, पुष्प भेंट किए और सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। अतिरिक्त रेल सेवा शुरू होने को लेकर यात्रियों में भी उत्साह दिखाई दिया।

        दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से प्रातः 7.30 बजे रवाना होगी। वहीं गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात्रि 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से प्रस्थान करेगी। ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।

        सरगुजा संभाग की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी

        सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए संचालित ट्रेन को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए गए। अब अतिरिक्त फेरा शुरू होने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए बेहतर और सुविधाजनक रेल विकल्प उपलब्ध होगा।

        उन्होंने कहा कि सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने से बड़ी संख्या में यात्रियों को यात्रा की सुविधा नहीं मिल पाती थी। अब दो दिन ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी। नई सेवा के पहले दिन रायगढ़, जशपुर सहित अन्य क्षेत्रों से भी यात्री अम्बिकापुर पहुंचकर ट्रेन से रवाना हुए। सांसद श्री महाराज ने इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

        अम्बिकापुर के साथ मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ

        डीआरएम श्री राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिल्ली के लिए संचालित रेल सेवा की आवृत्ति बढ़ाने की मांग लगातार की जा रही थी। रेल मंत्रालय द्वारा इस मांग को ध्यान में रखते हुए ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन करने का निर्णय लिया गया है। इससे अम्बिकापुर के साथ ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

        भविष्य की रेल जरूरतों के अनुरूप विकसित हो रहा अम्बिकापुर स्टेशन

        अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और रेल अधोसंरचना का भी विस्तार किया जा रहा है। डीआरएम श्री रंजन ने बताया कि स्टेशन में नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। रेलवे लाइनों के विस्तार के साथ बड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण और कोचिंग सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य भी किया जा रहा है। भविष्य में अम्बिकापुर से अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जरूरी अधोसंरचना विकसित की जा रही है।

        शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए दिल्ली तक पहुंच होगी आसान

        नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति नगरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

        इस अवसर पर डीसीएम श्री एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम श्री अहूजा, पार्षद श्री आलोक दुबे, पार्षद श्री रविकांत उरांव, श्री भारत सिंह सिसोदिया, श्रीमती अरुणा सिंह, श्री विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।



                Hot this week

                रायपुर : सरगुजा ओलंपिक 2026: मैनपाट में खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम

                विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में दौड़, रिले रेस, लंबी-ऊंची कूद,...

                Related Articles

                Popular Categories