रायपुर : सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी : कच्चे मकान की मुश्किलों से मिली मुक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ भूपेंद्र का पक्के घर का सपना

        सेवा सेतु शिविर में मिली खुशियों की चाबी, वर्षों का इंतजार हुआ खत्म

        पक्की छत मिलने से परिवार को मिली सुरक्षा और सुकून, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

        रायपुर (BCC NEWS 24): हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना एक पक्का घर हो, जहां वह सुरक्षित और सुकून भरा जीवन बिता सके। प्रधानमंत्री आवास योजना ऐसे ही जरूरतमंद परिवारों के सपनों को साकार कर रही है। जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम सलखन निवासी श्री भूपेंद्र कुमार भारद्वाज के जीवन में भी इस योजना ने खुशियों की नई रोशनी बिखेरी है। वर्षों तक कच्चे मकान में रहने वाले भूपेंद्र और उनके परिवार को अब अपना पक्का आशियाना मिल गया है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम सेमरा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में उन्हें नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई। यह पल उनके परिवार के लिए वर्षों पुराने सपने के साकार होने जैसा था।

        बारिश में टपकती छत और असुरक्षा की चिंता से मिली राहत

        श्री भूपेंद्र कुमार भारद्वाज का परिवार पहले मिट्टी और छप्पर से बने कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दिनों में घर की सुरक्षा और मौसम की मार से बचाव की चिंता बनी रहती थी। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण स्वयं का पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था। प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली सहायता ने उनकी इस मुश्किल को दूर कर दिया। अब उनका परिवार पक्की छत के नीचे सुरक्षित और बेहतर वातावरण में जीवन बिता रहा है।

        पक्का घर बना सुरक्षित भविष्य और खुशहाली का आधार

        भूपेंद्र कुमार भारद्वाज के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिला पक्का मकान केवल चारदीवारी और छत नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार बन गया है। अब उन्हें मौसम की परेशानियों और कच्चे मकान की असुरक्षा की चिंता से राहत मिली है। अपने घर का सपना पूरा होने से परिवार में खुशी और संतोष का माहौल है।

        श्री भूपेंद्र कुमार भारद्वाज ने पक्का आवास मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शासन की इस सहायता से उनके परिवार का पक्के घर में रहने का सपना साकार हुआ है।

        प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की पहल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। भूपेंद्र कुमार भारद्वाज की यह कहानी दर्शाती है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने से जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास के साथ बेहतर जीवन की नई उम्मीद मिल रही है।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories