Wednesday, February 11, 2026

            CG: पुलिस की कार से युवक की मौत.. बाइक सवार 2 युवकों को मारी थी जोरदार टक्कर, आक्रोशित लोगों ने घेरा थाना

            रायगढ़: जिले के ग्राम कोसमनारा के पास गुरुवार को पुलिस की गाड़ी से एक युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिटी कोतवाली में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल सुमन चौहान के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।

            इधर गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। हेड कॉन्स्टेबल सुमन चौहान की गाड़ी का नंबर CG 13 U5250 है। मृत युवक का नाम आदर्श चौहान है, वहीं घायल युवक के नाम का पता नहीं चल सका है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

            थाने में जमा लोग।

            थाने में जमा लोग।

            जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को दरोगामुड़ा के रहने वाले आदर्श चौहान (38 वर्ष) और एक 19 साल का युवक बाइक से रायगढ़ शहर की ओर से आ रहे थे। ग्राम कोसमनारा पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक को पुलिसकर्मी सुमन चौहान की कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त कार उनका ड्राइवर संजय डनसेना चला रहा था। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने युवक आदर्श चौहान को मृत घोषित कर दिया, वहीं दूसरे युवक का इलाज जारी है।

            आक्रोशित लोगों ने घेरा थाना।

            घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और मोहल्लेवासियों ने कोतरा रोड थाने का घेराव करते हुए रोड जाम कर दिया। लोगों ने मृतक परिवार के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। मामले की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिनव उपाध्याय, डीएसपी निकिता मिश्रा, जूटमिल थाना प्रभारी कमल किशोर पटेल कोतरा रोड थाने पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।

            जिसके बाद प्रशासन की ओर से मौके पर उपस्थित शासकीय अधिकारी ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपए की मुआवजा राशि दी। आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम खत्म कर दिया। इस संबंध में कोतरा रो[ थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि जिस समय की घटना है, उस समय वाहन में एक व्यक्ति बैठा हुआ था और गाड़ी में पुलिस लिखा हुआ था लेकिन उस वाहन का कोतरा रोड़ थाना से या पुलिस के किसी भी थाने से कोई संबंध नही था। शिकायत मिलने के बाद वाहन चालक संजय डनसेना के खिलाफ धारा 304 ए के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories