रायपुर की महिला डॉक्टर से 13 लाख की ठगी…. मेट्रीमोनियल साइट के जरिए हुआ प्यार, फिर अलग-अलग बहाने से लिए पैसे; नाइजीरिया के 3 ठग गिरफ्तार

              RAIPUR: रायपुर की महिला डॉक्टर से 13 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। उसने मेट्रीमोनियल साइट पर किसी से दोस्ती की थी। इसके बाद दोनों ने प्यार भरी बाती करनी शुरू कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने शादी करने का फैसला ले लिया। बस इसी के बाद से युवक ने गिफ्ट की डिमांड करनी शुरू कर दी। लड़की समझ नहीं सकी और उसने गिफ्ट के नाम पर पैसे देने शुरू कर दिए। मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है।

              बताया जा रहा है कि युवती ने मेट्रोमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल बनाया हुआ है। इसी साइट पर 14 अप्रैल को उसकी पहचान विकास कुमार नाम के शख्स से हुई थी। विकास ने बताया था कि वह स्कॉटलैंड में रहता है। जान पहचान के बाद दोनों ने दिनभर वॉट्सऐप पर बातें करने लगे थे। इस बीच विकास ने युवती से वादा कर दिया कि वो उससे शादी करना चाहता था।

              पहले कस्टम के बहाने पैसे लिए

              इसके बाद पेशे से डॉक्टर युवती भी राजी हो गई। दोनों की शादी की डेट भी फाइनल होने वाली थी। उसी दौरान विकास नाम के शख्स ने लड़की से कहा कि तुम मुझे गिफ्ट भेज दो। इस पर डॉक्टर ने उसे गिफ्ट भी भेज दिया, लेकिन कुछ दिन बाद उसे फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने कहा कि मैं कस्टम डिपार्टमेंट से बोल रहा हूं। आपका गिफ्ट कस्टम में फंस गया है। यदि इसे आगे भेजना है तो 35 हजार रुपए देने होंगे।

              अलग-अलग बहाने से लिए पैसे

              उधर, उसकी बातों में आकर लड़की ने उसके खाते में 35 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठग ने अलग-अलग बहाने से उससे पैसे मांगे। कभी गिफ्ट के नाम पर,कभी किसी और बहाने से, ऐसा करते हुए डॉक्टर ने उसके दिए हुए खाते में 13 लाख 55 हजार रुपए ट्रांसफर दिए। पैसे लेते वक्त भी आरोपी ये कहता रहा कि वो उससे शादी जरूर करेगा। मगर कुछ दिन बाद से उस विकास नाम के शख्स ने लड़की से बात करना बंद कर दिया था।

              बात करना बंद किया तब खुला मामला

              वहीं जब आरोपी ने लड़की से बात करना बंद कर दिया तो डॉक्टर भी हैरान रह गई। उसने कई बार युवक से संपर्क किया, लेकिन जब बार-बार संपर्क करने के बाद भी बात नहीं बनी। तब उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश की। नंबर ट्रेस किया। नंबर ट्रेस करने पर पता चला कि लोकेशन दिल्ली की है।

              दिल्ली के इस इलाके से दबोचे गए

              इसके बाद पुलिस ने दिल्ली के सैनिक विहार कॉलोनी मोहन गार्डन स्थित एक मकान में रेड मारी। वहां से उन्हें तीन आरोपी मिले, जो नाइजीरिया के रहने वाले थे। पूछताछ में उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया। तीनों ने अपना नाम ईमानुअल, पोलिनुस(35),अगस्टीन(49) बताया है। पुलिस उन्हें अरेस्ट कर अब रायपुर ले आई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दर्जनों मोबाइल फोन, दर्जनों पासबुक,चेक बुक और एटीएम कार्ड बरामद किया है।

              देशभर में की करोड़ों की ठगी

              पुलिस ने बताया कि इन ठगों ने आंध्र-प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मिलनाडू और तेलंगाना सहित देश के कई अन्य राज्यों में 19 वारदातें की हैं। ये महिलाओं को मेट्रोमोनियल साइट के जरिए ही झांसे में लेते थे। इनमें से दो आरोपियों का वीजा भी एक्सपायर हो गया था और वे अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। इन्होंने देशभर में करोड़ों रुपए की ठग की है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories