कोरबा: जिले में सड़क हादसे में 2 लोगों की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 2 युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर काफी देर जाम भी लग गया था। मामला कुसमुंडा थाना इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक अपने साथी के घर छठी के कार्यक्रम में गए थे। इसी दौरान जब वे रात में वापस आ रहे थे तभी वैशाली नगर पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ। दोनों मृतकों का नाम संतोष श्रीवास और जे आरमी है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और जांच में जुटी है।

ट्रक की टक्कर से बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, साथ ही दोनों बाइक सवारों की भी मौत हो गई।
मृतक के दोस्त संतोष शर्मा ने बताया कि, दोनों दोस्त रात में घर से कार्यक्रम में खाना खाकर निकले थे। तभी रात करीब 11 बजे पेट्रोल पंप के साथ बाइक की टक्कर हो गई। इसकी सूचना जब उन्हें मिली तो वे सुबह मौके पर पहुंचे। जहां बाइक के सामने से परखच्चे उड़ गए थे। लेकिन ट्रक वहां नहीं था।

देर रात पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ जिसमें दो दोस्त संतोष श्रीवास और जे आरमी की जान चली गई।
कुसमुंडा थाना प्रभारी ने कृष्ण कुमार वर्मा ने कहा कि, घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। लेकिन हादसे के बाद ही ट्रक समेत ड्राइवर फरार हो गया है। जिसकी तलाश की जा रही है। साथ ही मृतकों के परिजन को भी इसकी सूचना पुलिस ने दी है।

देर रात हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
बताया जा रहा है कि कुसमुंडा मार्ग पर चलना खतरे से खाली नहीं है। यहां आए दिन हादसे होते रहते थे। सड़क निर्माण के साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही से छोटे वाहन चलाने वाले यात्री परेशान रहते हैं। साथ ही जरा सी लापरवाही से हादसे का भी शिकार हो रहे हैं।




