ओस्लो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को स्वीडन दौरा पूरा कर नॉर्वे के लिए रवाना हो गए हैं। यह 43 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नॉर्वे यात्रा होगी।
मोदी की यह यात्रा उनके 5 देशों के दौरे का चौथा चरण है। इससे पहले वे UAE, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं। इसके बाद वे इटली जाएंगे।
मोदी ओस्लो में तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसमें नॉर्वे, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के नेता शामिल होंगे।
यह समिट पहली बार 2018 में स्टॉकहोम और दूसरी बार 2022 में कोपेनहेगन में हुई थी। बैठक में ग्रीन एनर्जी, डिजिटलाइजेशन, रक्षा सहयोग, स्पेस, आर्कटिक नीति और सस्टेनेबिलिटी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
नार्वे के राजा और रानी से मिलेंगे पीएम मोदी
मोदी नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। वे किंग हेराल्ड पंचम और क्वीन सोन्या से भी मुलाकात करेंगे। दोनों नेता भारत-नॉर्वे बिजनेस एंड रिसर्च समिट को भी संबोधित करेंगे।
भारत और नॉर्वे के बीच व्यापार करीब 2.73 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं नॉर्वे के सरकारी वेल्थ फंड ने भारतीय बाजारों में करीब 28 बिलियन डॉलर का निवेश किया है। भारत और पूरे नॉर्डिक क्षेत्र के बीच कुल व्यापार करीब 19 बिलियन डॉलर आंका गया है।
यह यात्रा मार्च 2024 में हुए भारत-EFTA व्यापार समझौते के बाद हो रही है। इसके तहत भारतीय निर्यात को EFTA देशों में 99% से ज्यादा ड्यूटी-फ्री एक्सेस मिला है।
PM मोदी को स्वीडन ने सर्वोच्च सम्मान दिया
पीएम मोदी को स्वीडन में ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह किसी भी देश के प्रधानमंत्री या सरकार प्रमुख को दिया जाने वाला स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान है।
गोथेनबर्ग शहर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन समेत कई सीनियर नेता मौजूद रहे। यह मोदी को मिलने वाला 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
मोदी बोले- आतंकवाद मानवता के लिए खतरा
PM मोदी ने स्वीडन के गोथेनबर्ग में ‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’ को संबोधित करते हुए आतंकवाद पर चिंता जताई।
मोदी ने कहा कि मौजूदा तनावपूर्ण वैश्विक माहौल में भारत और स्वीडन जैसे लोकतांत्रिक देशों के बीच करीबी सहयोग बेहद जरूरी है। भारत और स्वीडन इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद पूरी मानवता के लिए गंभीर खतरा है।
उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत को मिले समर्थन के लिए हम स्वीडन के प्रधानमंत्री क्रिस्टर्सन के अभारी हैं। हम आतंकवाद और उसका समर्थन करने वालों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

PM मोदी ने स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से मुलाकात की।
स्वीडन में मोदी के स्पीच की 7 मुख्य बातें…
- भारत-स्वीडन रिश्ते अब स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप में: दोनों देशों के बढ़ते सहयोग को देखते हुए रिश्तों को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप तक ले जाया गया है। इसके तहत ग्रीन ट्रांजिशन, सुरक्षा, उभरती तकनीक और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर काम होगा।
- रक्षा साझेदारी अब हथियार खरीदने-बेचने से आगे: स्वीडिश कंपनियों का भारत में प्रोडक्शन यूनिट लगाना दिखाता है कि रिश्ता अब सिर्फ डिफेंस डील तक सीमित नहीं है। दोनों देश लंबी अवधि की औद्योगिक साझेदारी की दिशा में बढ़ रहे हैं।
- भारत-स्वीडन टेक और AI कॉरिडोर बनेगा: AI, हेल्थ टेक और ग्रीन मोबिलिटी में दोनों देशों के बीच बड़ी संभावनाएं हैं। इसी को आगे बढ़ाने के लिए स्वीडन-इंडिया टेक्नोलॉजी और AI कॉरिडोर पर काम किया जाएगा।
- स्टार्टअप और रिसर्च को जोड़ने के लिए नया सेंटर: दोनों देशों ने स्टार्टअप और रिसर्च इकोसिस्टम को सीधे जोड़ने के लिए इंडिया-स्वीडन साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर बनाने का फैसला किया है। इससे इनोवेशन और टेक्नोलॉजी साझेदारी को गति मिलेगी।
- ग्रीन हाइड्रोजन से क्लाइमेट सॉल्यूशन तक साझेदारी: भारत ग्रीन हाइड्रोजन, सर्कुलर इकोनॉमी और सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े पैमाने पर काम कर रहा है। स्वीडन की टेक्नोलॉजी और भारत के स्केल को मिलाकर दुनिया के लिए क्लाइमेट सॉल्यूशंस तैयार किए जा सकते हैं।
- भारत-EU में FTA से इंवेस्टमेंट के नए मौके: मोदी ने कहा कि भारत-EU FTA लागू होने के बाद उद्योग, निवेशकों और इनोवेटर्स के लिए बड़े अवसर खुलेंगे।
- यूरोप को भारत में निवेश का खुला न्योता: मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। भारतीय स्टार्टअप AI, फिनटेक, स्पेस, ड्रोन, बायोटेक और क्लाइमेट टेक में वैश्विक समाधान बना रहे हैं। अब ‘इरादे’ से ‘निवेश’ की ओर बढ़ने का समय है।
मोदी के स्वीडन दौरे पर जुड़ी 5 तस्वीरें…

स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन पीएम मोदी को रिसीव करने पहुंचे।

पीएम मोदी स्वीडन और भारतीय अधिकारियों से हाथ मिलाते हुए।

स्वीडन का मिलिट्री बैंड पीएम मोदी के स्वागत में म्यूजिक बजाते हुए।

होटल पहुंचने पर भारतीय मूल की महिलाओं ने बंगाली तरीके से पीएम मोदी की आरती उतारी।

स्वीडन के कलाकार पीएम मोदी के सामने क्लासिकल डांस करते हुए।

(Bureau Chief, Korba)




