तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: ईरान जंग के बीच पाकिस्तान ने सऊदी अरब में 8 हजार सैनिक, फाइटर जेट्स और एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किए हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यह तैनाती दोनों देशों के बीच हुए रक्षा समझौते के तहत की गई है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पाकिस्तान ने करीब 16 JF-17 फाइटर जेट्स, ड्रोन स्क्वाड्रन और चीन में बने HQ-9 एयर डिफेंस सिस्टम भी सऊदी अरब भेजे हैं। पाकिस्तानी सैनिक इन्हें ऑपरेट कर रहे हैं, जबकि खर्च सऊदी अरब उठा रहा है।
जरूरत पड़ने पर पाकिस्तान और सैनिक भेजने के लिए भी तैयार है। हालांकि पाकिस्तान की सेना, विदेश मंत्रालय और सऊदी सरकार ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
इस बीच ईरान ने अमेरिका सो होर्मुज की नाकाबंदी खत्म करने को कहा है। ऐसा न करने पर ओमान सागर को अमेरिकी सेना का कब्रगाह बनाने की धमकी दी है।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
1. UAE के न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन हमला: UAE के बराकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र के बाहर ड्रोन हमले के बाद आग लग गई। शुरुआती जांच में ईरान पर शक जताया जा रहा है। यह पहली बार है जब UAE के न्यूक्लियर प्लांट को निशाना बनाया गया।
2. होर्मुज पार कर भारत पहुंचे 15 LPG जहाज: मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला LPG टैंकर ‘सिमी’ 20 हजार टन गैस लेकर कांडला पोर्ट पहुंचा। जंग शुरू होने के बाद अब तक 15 LPG जहाज भारत पहुंच चुके हैं।
3. भारत बोला- होर्मुज में शिपिंग रोकना मंजूर नहीं: UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में कॉमर्शियल शिपिंग रोकना अस्वीकार्य है।
4. ट्रम्प का नया ऑफर- ईरान 20 साल परमाणु कार्यक्रम रोके: ट्रम्प ने पहली बार स्थायी रोक के बजाय 20 साल के लिए ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सस्पेंड करने की बात कही। साथ ही ईरान को चेतावनी दी कि उसका समय तेजी से खत्म हो रहा है।
5. सीजफायर के बावजूद लेबनान पर इजराइली हमले जारी: संघर्ष विराम बढ़ने के बावजूद इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में 30 से ज्यादा हमले किए। हजारों लोग पलायन कर रहे हैं।

(Bureau Chief, Korba)




