BIG NEWS: UAE का दावा- ईरान ने मिसाइल और ड्रोन दागे, सभी को हवा में मार गिराया, हमले में 3 घायल; अमेरिका ने फिर ईरान पर बमबारी की

              तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि ईरान ने उसके खिलाफ 2 बैलिस्टिक मिसाइल और 3 ड्रोन दागे हैं। UAE रक्षा मंत्रालय ने X पर पोस्ट कर कहा कि सभी टारगेट्स को हवा में ही मार गिराया गया। हमले में 3 लोग घायल हुए हैं। हालांकि इस दावे पर ईरान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

              इसी बीच अमेरिका ने सीजफायर के बावजूद ईरान पर फिर बमबारी की। अमेरिका ने कहा कि ईरानी सेना ने उसके जंगी जहाजों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नावों से हमला किया था।

              इसके जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान ने डील नहीं की तो अमेरिका आगे भी हमले करेगा।

              वहीं, ईरान का दावा है कि अमेरिकी हमले में सैन्य ठिकानों नहीं, नागरिक इलाकों को निशाना बनाया गया। ईरानी सेना ने कहा कि उसने जवाबी कार्रवाई में होर्मुज स्ट्रेट और चाबहार पोर्ट के पास मौजूद अमेरिकी सैन्य जहाजों को निशाना बनाया। ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में उसके तेल टैंकरों को निशाना बनाया।

              ईरानी विदेश मंत्री बोले- हमारी मिसाइलें अभी खत्म नहीं हुईं

              ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि ईरान के मिसाइल भंडार खत्म हो चुके हैं।

              अराघची ने कहा कि अमेरिकी CIA की इंटेलिजेंस गलत है। उन्होंने दावा किया कि ईरान का मिसाइल रिजर्व 120% पर है और देश अपनी जनता की रक्षा के लिए 1000% तैयार है।

              अराघची ने X पर लिखा, “हर बार जब कूटनीतिक समाधान सामने आता है, अमेरिका सैन्य रास्ता चुनता है। ईरानी कभी दबाव में नहीं झुकेंगे।”

              पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…

              1. 30 दिन के अस्थायी समझौते पर बातचीत: न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान 30 दिन तक लड़ाई रोकने और होर्मुज स्ट्रेट खोलने के प्रस्ताव पर चर्चा कर रहे हैं। इसी दौरान स्थायी डील पर बातचीत जारी रहेगी।
              2. ट्रम्प- अमेरिकी जहाजों पर हमला हुआ: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि होर्मुज से गुजर रहे अमेरिकी जंगी जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले हुए, लेकिन अमेरिकी सेना ने उन्हें मार गिराया और “ईरानी छोटी नावों को तबाह कर दिया।”
              3. होर्मुज में करीब 1500 जहाज फंसे: संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी IMO के मुताबिक, होर्मुज संकट के कारण खाड़ी क्षेत्र में करीब 1500 जहाज फंसे हुए हैं। तेल, गैस और सप्लाई चेन पर असर बढ़ रहा है, जबकि सोमालिया जैसे देशों में खाद्य संकट और गहरा गया है।
              4. इजराइल-हिजबुल्लाह संघर्ष फिर तेज: इजराइल ने दावा किया कि उसने हिजबुल्लाह की रदवान यूनिट के कमांडर अहमद बलूत समेत कई बड़े कमांडरों को बेरूत हमले में मार गिराया। जवाब में हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली टैंक और सैन्य ठिकानों पर हमलों का दावा किया।
              5. अमेरिका ने नए प्रतिबंध लगाए: अमेरिका ने ईरान से जुड़े नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगाए। इनमें इराक के डिप्टी ऑयल मिनिस्टर अली मारीज अल-बहादली और कई कंपनियां शामिल हैं। अमेरिका का आरोप है कि ये लोग तेल कारोबार के जरिए ईरान और उसके समर्थित समूहों की मदद कर रहे थे।

                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories