अमरावती: आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलापलेम गांव में शनिवार को पटाखा बनाने वाली यूनिट में धमाका हो गया। हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे ब्लास्ट हुआ। धमाके इतना भीषण था कि इसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे में घायल लोगों को अस्पताल भेजना शुरू किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया- धमाका इतना तेज था कि लाशें पास के धान के खेतों में जाकर गिरीं। हरे-भरे धान के खेतों के बीच डरावना मंजर देखने को मिला, जब स्थानीय लोग बाराकालू, यानी खाद की बोरियों से बनी चादरों में लाशें ले जाते दिखे।
पुलिस ने पास के खेतों में बिखरे शरीर के हिस्सों का पता लगाने के लिए ड्रोन तैनात किए हैं। काकीनाडा गवर्नमेंट हॉस्पिटल के सुपरिटेंडेंट ने कहा कि हॉस्पिटल में आए घायल 90 से 100 परसेंट तक जले हुए हैं। उनका इलाज जारी है।
घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें…

ब्लास्ट के बाद पूरी फैक्ट्री जलकर राख हो गई।

फैक्ट्री में धमाका इतना तेज था कि 5 किमी दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी।

धमाके के बाद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे हैं।

घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है।
PM ने 2 लाख रुपए देने का ऐलान किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए हर मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड (PMNRF) से दो लाख रुपए देने का ऐलान किया है। वहीं घायलों को ₹50,000 की आर्थिक मदद दी जाएगी।
CM नायडू ने दुख जताया
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करने को कहा है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है।
राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

(Bureau Chief, Korba)




