वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के न्यूयॉर्क में ला गार्डिया एयरपोर्ट पर रविवार रात (स्थानीय समयानुसार) एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान लैंडिंग के समय रनवे पर फायर ट्रक से टकरा गया। इससे विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया।
हादसे में पायलट और को-पायलट की मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार दो लोग घायल हुए हैं। जैज एविएशन के मुताबिक, यह फ्लाइट मॉन्ट्रियल से आ रही थी। CRJ-900 विमान में कुल 72 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे।
टक्कर के तुरंत बाद रनवे 4 को बंद कर दिया गया। एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लागू करते हुए सभी फ्लाइट ऑपरेशन रोक दिए गए और आने वाली उड़ानों को डायवर्ट किया गया।
हादसे से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने विमान और ग्राउंड वाहन दोनों को रुकने के लिए कहा था और स्टॉप-स्टॉप चिल्लाता रहा, लेकिन फिर भी टक्कर हो गई।

लागार्डिया एयरपोर्ट पर एयर कनाडा एक्सप्रेस के एक क्षतिग्रस्त विमान से मलबा लटका हुआ दिखाई दे रहा है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद रनवे को बंद कर दिया गया।
एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने विमान को रोकने की कोशिश की थी
लैंडिंग से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने विमान को रोकने की कोशिश की थी। वायरल ऑडियो में एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने पहले ट्रक को रनवे पार करने की अनुमति दी थी, लेकिन थोड़ी ही देर बाद कंट्रोलर लगातार “स्टॉप, स्टॉप, ट्रक 1” चिल्लाता रहा। हालांकि, कुछ ही सेकंड में टक्कर हो गई।
कंट्रोलर की आवाज रिकॉर्डिंग में सुनाई देती है- “JAZZ 646, आप वाहन से टकरा गए हैं, वहीं रुके रहें, मदद पहुंच रही है।”
फ्लाइट लैंडिंग के बाद रनवे पर करीब 130 मील प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रही थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान के आगे के हिस्से में नुकसान और कॉकपिट उठा हुआ दिखाई दे रहा है।
एयरपोर्ट पर आने वाले विमानों को डायवर्ट किया गया
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने एयरक्राफ्ट इमरजेंसी घोषित करते हुए तुरंत ग्राउंड स्टॉप लगा दिया। एयरपोर्ट को सोमवार दोपहर 2 बजे तक बंद रखने की बात कही गई है। एयरपोर्ट पर आने वाले विमानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया था या उन्हें वापस भेज दिया गया।
हादसे में शामिल विमान CRJ-900 था, जिसे जैज एविएशन ऑपरेट करता है। इसमें करीब 76 यात्रियों की क्षमता होती है। फ्लाइट रात करीब 10:30 बजे मॉन्ट्रियल से रवाना हुई थी और लगभग एक घंटे बाद ला गार्डिया पहुंची।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में इमरजेंसी वाहन पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
हादसे के बाद यात्रियों को बस से सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया।
हादसे से पहले एयरपोर्ट ने बारिश और कोहरे की चेतावनी दी थी
घटना के बाद रनवे पर बड़ी संख्या में इमरजेंसी वाहन पहुंच गए। रात 2 बजे तक रनवे पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। हादसे से पहले एयरपोर्ट ने हल्की बारिश और कोहरे के कारण फ्लाइट डिसरप्शन की चेतावनी दी थी।
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रनवे पर वाहन कैसे पहुंचा और टक्कर कैसे हुई।

(Bureau Chief, Korba)




