CG: दो बाइक की भिड़ंत, छात्र की मौत… सड़क किनारे लगे होर्डिंग के कारण दोनों देख नहीं पाए, पति-पत्नी की हालत गंभीर

              दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत बोरसी से रिसाली रोड में दो बाइक आपस में टकरा गईं। इसमें एक युवक की मौत हो गई है। वहीं दूसरी बाइक में सवार पति पत्नी बुरी तरह घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना सड़क किनारे लगी द मार्क की होर्डिंग के चलते हुई है। होर्डिंग की वजह से बाइक चालकों को सामने आ रही बाइक दिखाई नहीं दी और तेज रफ्तार होने से दोनों आपस में टकरा गए। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी राजीव तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान योगेश ठाकुर पिता रोहित ठाकुर (22 साल) के रूप में हुई है। वो शकुंतला नगर धनोरा का रहने वाला था और हुडको में आईटीआई कर रहा था। वो बीती रात 10 बजे के करीब बाइक CG 04 MW 8205 से धनोरा जा रहा था। अचानक मोड के पास द मार्क की बड़ी होर्डिंग लगी है। इससे योगेश सामने आ रही बाइक CG 07 BV 6024 को देख नहीं पाया। इससे दोनों बाइक स्पीड में एक दूसरे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी की दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। योगेश के सिर में गहरी चोट आने से उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक में सवार पति पत्नी महेश्वरी बघेल व लक्ष्मी को भी गहरी चोट आई। 112 की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचा गया, जहां डॉक्टर ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों पति पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

              दुर्घटनाग्रस्त बाइक व उसटा टूटा हुआ पहिया

              दुर्घटनाग्रस्त बाइक व उसटा टूटा हुआ पहिया

              जिला अस्पताल से पैदा हुए बच्चे को देखने गए थे पति पत्नी
              घायल महेश्वरी और लक्ष्मी पंचदेवरी कुम्हारी के रहने वाले हैं। वो लोग दुर्ग जिला अस्पताल अपने परिचित का नवजात बच्चा देखने के लिए गए थे। वहां से वो लोग उमरपोटी अपने ससुराल जा रहे थे। तभी रास्ते में दोनों सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।

              होर्डिंग हटाने पुलिस, निगम को लिखेगी पत्र
              पद्मनाभपुर थाना प्रभारी राजीव तिवारी ने कहा कि जो होर्डिंग लगी है वो गलत लगी हुई है। होर्डिंग की वजह से दुर्घटना स्थल पर ब्लाइंड स्पॉट बन गया है। इसे हटाने के लिए उन्होंने दुर्ग नगर निगम को पत्र लिखा है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories