CG : राशन दुकान से 26.52 लाख के खाद्यान्न का गबन, सहकारी समिति चला रही थी शॉप; अध्यक्ष को पुलिस ने किया गिरफ्तार

          सरगुजा: अंबिकापुर के नमनाकला राशन दुकान से 26 लाख 52 हजार रुपये के राशन गबन के मामले में पुलिस ने इसका संचालन करने वाले सहकारी समिति के अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। राशन दुकानों में गड़बड़ी की शिकायत पर एक साल पहले खाद्य अमले ने राशन दुकानों का सत्यापन किया था। इसमें नमनाकला समिति से चावल, शक्कर, चना कम मिला था। मामले में अन्य लोगों पर भी अपराध दर्ज है।

          जानकारी के मुताबिक, खाद्य अधिकारी अंबिकापुर के अमले ने अप्रैल 2023 में राशन दुकानों की जांच की थी। नमनाकला में संचालित राशन दुकान मे खाद्यान्न स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने पर चावल 718.81 क्विंटल, शक्कर 0.36 क्विंटल, चना 2.5 क्विंटल कम मिला था। इसमें से 25 क्विंटल चावल, 0.36 क्विंटल शक्कर, 2.5 क्विंटल चना की भरपाई संचालक द्वारा की गई। बाकी चावल 718.81 क्विंटल जमा नहीं कराया गया।

          गांधी नगर थाने में दर्ज हुआ था अपराध

          खाद्य अधिकारी अंबिकापुर द्वारा मामले में जांच प्रतिवदेन के साथ लिखित शिकायत 29 अप्रैल 2023 को गांधीनगर थाने में की गई थी। पुलिस ने मामले में सहकारी समिति के संचालक सहित अन्य के खिलाफ धारा 409, 34 आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3, 7 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया था।

          अध्यक्ष को पुलिस ने किया गिरफ्तार

          शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन करने वाली समिति के अध्यक्ष बृजेश सोनी (39) को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उचित मूल्य की दुकान से गायब हुए 718.81 क्विंटल चावल की कीमत 26 लाख 52 हजार 279 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है। कार्रवाई में गांधीनगर थानाप्रभारी अश्वनी सिंह, एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक अतुल सिंह, जितेश साहू, मनीष सिंह की टीम शामिल रही।



                    Hot this week

                    Related Articles

                    Popular Categories