CG: बिलासपुर में 28 तोला सोना और 4 लाख कैश पार… स्पोर्ट्स ऑफिसर के घर में चोरी की वारदात, CCTV में नजर आए बदमाश

              BILASPUR: बिलासपुर के एक पॉश कॉलोनी के तीन मकानों में बदमाशों ने धावा बोल दिया और कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑफिसर के घर से 28 तोला सोना और चार लाख रुपए कैश पार कर दिया। चोरी की इस वारदात को दो बदमाशों ने मिलकर अंजाम दिया है। करीब 18 लाख रुपए की चोरी बताई जा रही है।

              इन बदमाशों ने पहले कुत्ते को ईंट मार-मारकर बेहोश किया और फिर दरवाजा तोड़कर घर में घुस गए। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें नकाबपोश बदमाश दरवाजा तोड़ते नजर आ रहे हैं। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

              लकड़ी के दरवाजे को औजार से तोड़कर घर के अंदर घुसे थे चोर।

              लकड़ी के दरवाजे को औजार से तोड़कर घर के अंदर घुसे थे चोर।

              उसलापुर-मंगला स्थित अलका एवेन्यू कॉलोनी की गिनती शहर के पॉश कॉलोनियों में होती है। जहां सुरक्षा के लिहाज से सिक्योरिटी गार्ड और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। यहां कई न्यायालयीन अफसरों के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अफसरों का मकान है। रविवार की रात चोरी की वारदात इसी कॉलोनी में हुई हैं।

              यहां रहने वाले डॉ. सुरेश सिंह पवार गर्ल्स डिग्री कॉलेज में स्पोर्ट्स ऑफिसर हैं। उनके पोते का रायपुर में जन्म दिन था। लिहाजा, वह अपनी पत्नी को लेकर शनिवार को रायपुर गए थे। इस बीच उनके सूने मकान में ताला बंद था। रविवार की रात चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया। साथ ही कॉलोनी के दो अन्य मकानों का भी ताला तोड़ दिया।

              28 तोला सोना और कैश ले गए चोर
              डॉ. सुरेश सिंह पवार ने बताया कि, सोमवार की सुबह जब वे अपने घर पहुंचे तो दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था और अंदर कमरों में सामान बिखरे पड़े थे। चोरों ने उनके घर में तोड़फोड़ भी की है। उन्होंने घर की तलाशी ली, तब पता चला कि चोरों ने 28 तोला सोना और करीब 4 लाख रुपए कैश पार कर दिया था। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।

              ऑलमारी का लॉकर तोड़कर चोरों ने पार किया गहने और कैश।

              ऑलमारी का लॉकर तोड़कर चोरों ने पार किया गहने और कैश।

              CCTV वीडियो में दिखें दो बदमाश
              चोरी की इस वारदात के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्पोर्ट्स ऑफिसर पवार ने पुलिस को सीसीटीवी वीडियो भी दिया है, जिसमें दो नकाबपोश बदमाश नजर आ रहे हैं। वीडियो में बदमाश ईंट मार-मार कर कुत्ते को पहले बेहोश कर दिया, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुस गए। वहीं, चोरों ने दो अन्य मकानों को भी निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोरों को दो मकानों से कुछ नहीं मिला है। लिहाजा, ताला तोड़कर घर की तलाशी लेकर चोर भाग गए।

              स्पोर्ट्स ऑफिसर जब घर पहुंचे तो कमरों में बिखरा पड़ा था पूरा सामाना।

              स्पोर्ट्स ऑफिसर जब घर पहुंचे तो कमरों में बिखरा पड़ा था पूरा सामाना।

              टीआई बोले- बदमाशों तलाश जारी
              सिविल लाइन टीआई परिवेश तिवारी ने कहा है कि, अलक एवन्यू कॉलोनी के तीन मकानों में चोरी की जानकारी मिली है। पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम के साथ डॉग स्क्वायड भी मौके पर गई थी। कॉलोनी से मिले सीसीटीवी वीडियो के जरिए पुलिस संदिग्धों की पहचान करके उनकी तलाश कर रही है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories