CG NEWS: दो क्रेशर संचालकों के बीच मारपीट, 2 गिरफ्तार… डस्ट लोड कर पैसे नहीं देने पर विवाद, गाड़ी चढ़ाने का प्रयास; धक्का-मुक्की में गिरा पिस्टल

            बलरामपुर-रामानुजगंज: जिले के राजपुर में क्रेशर से डस्ट लोड करने के बाद पैसा नहीं देने को लेकर दो क्रेशर संचालकों के बीच मारपीट हुई है। भाई और दोस्तों के साथ मिलकर बाइक चढ़ाने की कोशिश की है। मारपीट के दौरान एक पक्ष का पिस्टल भी मौके पर गिर गया। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि दोस्त की तलाश की जा रही है।

            राजपुर निवासी अभय जायसवाल का ग्राम खुमरी में क्रेशर है। शनिवार को उसने राजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह 7 बजे उसके मुंशी सच्चीदानंद सिंह ने फोन कर जानकारी दी कि क्रेशर संचालक अजय अग्रवाल के ट्रैक्टर ने डस्ट लोड करवाया और पैसे मांगने पर गाली-गलौज कर रहा है।

            जब उसने अजय अग्रवाल को कॉल कर गाली-गलौज का कारण पूछा, तो उसने कहा कि तुम्हारे घर के सामने खड़ा हूं, बाहर निकलो। जैसे ही दरवाजा खोला तो वह घर के भीतर घुसा और गाली देते हुए मारपीट करने लगा। यह देख भाई सतीश और परिजनों ने बीच-बचाव किया।

            गाड़ी चढ़ाने की कोशिश, पिस्टल गिरा

            अभय जायसवाल ने बताया कि कुछ देर बाद अजय अग्रवाल का भाई राजेश अग्रवाल और खुटनपारा निवासी अस्मित गुप्ता बाइक से आए और छोटे भाई सतीश पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। किसी तरह हम दोनों भाइयों ने परिवार की मदद से अपनी जान बचाई। इस बीच राजेश अग्रवाल के पास रखा पिस्टल गिर गया। वहीं बाइक की चाबी भी गिर गई।

            क्रेशर संचालक भाइयों को भेजा गया जेल

            पीड़ित अभय जायसवाल ने पुलिस को बताया कि मारपीट में उसे और उसके भाई को चोटें आई हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 452 (25) आम्र्स एक्ट (34) के तहत अपराध दर्ज किया। राजपुर थाना प्रभारी रमाकांत साहू ने बताया कि फरार आरोपी अस्मित गुप्ता की तलाश जारी है।

            एसडीएम ने जारी किया नोटिस

            इधर, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री अंकित जायसवाल ने एसडीएम को ज्ञापन देकर आरोप लगाया है कि ग्राम डिगनगर में अजय अग्रवाल और राजेश अग्रवाल द्वारा अवैध रूप से क्रेशर का संचालन किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों की जमीन भी कब्जा कर लिया है। इस पर एसडीएम ने दोनों भाइयों को 2 दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने नोटिस थमाया है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories