मौत की घटना… रायगढ़- खरसिया हाइवे पर बीच सड़क में खड़े ट्रक से टकराया बाइक सवार, मौके पर गई जान

            रायगढ़/खरसिया: रायगढ़ और खरसिया के बीच हाइवे पर हादसे रुक नहीं रहे हैं। सोमवार सुबह लगभग 7 बजे कुनकुनी रेलवे ब्रिज के नजदीक एक बाइक सवार हाइवे के बीच खड़े ट्रक के पीछे टकरा गया। गंभीर हेड इंज्युरी के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।

            भेडापाली सक्ती का रहने वाला गौतम प्रसाद यादव सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया में माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह साप्ताहिक छुट्‌टी पर बाइक से अपने गांव जाता था और सोमवार सुबह ड्यूटी पर लौटता था। वह सुबह अपने घर से सरिया जाने के लिए निकला था।

            गौतम खरसिया से रायगढ़ की तरफ कुनकुनी में बने रेलवे ब्रिज के नजदीक पहुंचा था। मुख्य रोड पर बिना संकेतक के ट्रक क्रमांक ओडी 07 एबी 3796 खड़ा था। ड्राइवर की लापरवाही गौतम के लिए जानलेवा साबित हुई। सुबह रोशनी कम होने और वाहनों की आवाजाही के कारण गौतम को ट्रक के खड़े होने का पता नहीं चला और वह ट्रक के पीछे जा टकराया।

            टक्कर में उसका सिर और चेहरा ट्रक के डाले से टकराया। गंभीर हेड इंज्युरी के कारण लहूलुहान गौतम बेसुध होकर सड़क पर पड़ा रहा। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। 112 की टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories