कोरबा (BCC NEWS 24): शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), कोरबा में 21 अगस्त 2026 को युवाओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अप्रेंटिसशिप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आईटीआई उत्तीर्ण एवं प्रशिक्षणरत युवाओं तथा स्कूली विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। आईटीआई के प्रभारी प्राचार्य श्री एम.एल. कुशवाहा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के महत्व एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। जिला रोजगार अधिकारी श्री दीपेश भारती तथा जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के प्रबंधक श्री एल.एन. उइके ने अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के संबंध में प्रतिभागियों को विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।
संस्था के प्रशिक्षण अधिकारी श्री दीपक चन्द्रा ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के महत्व, पंजीयन प्रक्रिया, पात्रता, प्रशिक्षण अवधि, स्टाइपेंड, रोजगार के अवसर तथा उद्योगों में अप्रेंटिसशिप के माध्यम से उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सीएसईबी एवं बालको के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। पीजीटीआई, सीएसपीजीसीएल कोरबा के श्री पी.पी. कुजूर, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, श्री मिथलेश सिंह, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर, श्री गीतेश टंडन, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर तथा श्रीमती वंदना बरेठ, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने सीएसईबी में उपलब्ध अप्रेंटिसशिप के अवसरों एवं प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी स्कूल रामपुर, कोरबा एवं बाल मानस विद्या मंदिर के कक्षा 10वीं के 120 छात्र-छात्राओं सहित शिक्षकगण एवं संस्था के प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण एवं रोजगार की संभावनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण अधिकारी श्री राजेन्द्र सिंह ने अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए पंजीयन एवं चयन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, प्रशिक्षण अधिकारियों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

(Bureau Chief, Korba)





