Saturday, February 7, 2026

            कोरबा: प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ली विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक

            • आरएईओ को लक्ष्य आबंटित कर गांव स्तर पर किसान चौपाल शिविरों का समयबद्ध आयोजन करने दिए निर्देश
            • कृषक समृद्धि सूचकांकों में बढ़ोत्तरी के लिए सभी विभाग मिशन मोड में कार्य करेंः कलेक्टर

            कोरबा (BCC NEWS 24): कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को योजना  अंतर्गत गंभीरता से कार्य करते हुए कृषक समृद्धि से जुड़े निर्धारित सूचकांकों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

            कलेक्टर ने अधिकारियों से आगामी वर्ष के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करते हुए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने एवं जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कृषि विभाग को सभी पात्र किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन पूर्ण कराने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड निर्माण के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए।  साथ ही ’आरएईओ को लक्ष्य देकर गांव-गांव में शिविरों के माध्यम से किसान चौपाल आयोजित करने तथा उनका समयबद्ध शेड्यूल तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

            उन्होंने किसान चौपाल में किसानो की आधार सीडिंग, भूमि सीडिंग, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत पात्र किसानों की पहचान एवं लक्ष्यपूर्ति जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने निर्देशित किया।  कलेक्टर ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जमीनी स्तर पर  किसानों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर की नियुक्ति कर विभाग के आरएईओ एवं रिसोर्स पर्सन को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। जिससे वे ग्रामीण क्षेत्रों में कृषकों को प्रशिक्षित कर सकें। कलेक्टर ने अगले एक वर्ष में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को वर्ष में एक फसल से द्वि-फसल लेने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए।

            कलेक्टर ने आयल सीड, रामतिल की फसल क्षेत्र विस्तार के लिये इंटरक्रॉपिंग खेती के लिए किसानों को प्रेरित करने एवं कोदो,रागी जैसे मिलेट्स उत्पादन को बढ़ावा देने,  एरिया एक्सपेंशन हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आरएईओ, कृषि सखी एवं पशु सखी के समन्वित सहयोग से किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही। उन्होंने जिले में नए कृषक उत्पादक संगठन  का गठन कर अधिक से अधिक किसानों को एफपीओ से जोड़ने  हेतु निर्देशित किया। बैठक में श्री दुदावत ने पॉली बैग एवं शेडनेट खेती को बढ़ावा देने हेतु पात्र किसानों का प्रभावी चयन कर उन्हें सब्सिडी एवं योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

            प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत केज कल्चर को प्रोत्साहित करने, मछली पालन गतिविधियों में वृद्धि तथा तालाब-डबरी निर्माण के लिए फील्ड स्तर से अधिकाधिक पात्र किसानों की पहचान कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को कृत्रिम गर्भाधान के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करने, टीकाकरण अभियान पूर्ण करने तथा इसके लिए अधिक शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

            कलेक्टर ने जिले में सिंचाई रकबा में  बढ़ोत्तरी हेतु जल संसाधन विभाग को आवश्यक स्थानों में  सिंचाई परियोजनाओं निर्माण की पहचान कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिले में किसानों की फसलों के सुरक्षित भंडारण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए स्टोरेज एवं कोल्ड स्टोरेज से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी विभागों को दिए।

            बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी विभाग, जल संसाधन,  उप पंजीयक सहकारी संस्थान,  लीड बैंक मैनेजर, नाबार्ड तथा कृषि विज्ञान केंद्र  सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


                          Hot this week

                          कोरबा: शासन की योजनाओं के तहत युवाओं के लिए अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करें बैंक- कलेक्टर

                          डीएलसीसी एवं डीएलआरसी की तिमाही बैठक संपन्नबैंकों को फरवरी...

                          Related Articles

                          Popular Categories