किसान विनोद पांडे के लिए मददगार बनी किसान सम्मान निधि, आसान हुई खेती-किसानी
कोरबा (BCC NEWS 24): खेती-किसानी में मेहनत के साथ समय पर पूंजी की उपलब्धता भी अच्छी फसल की तैयारी के लिए जरूरी होती है। छोटे किसानों के सामने खेतों की जुताई, खाद-बीज और कीटनाशकों की व्यवस्था करना कई बार आर्थिक चुनौती बन जाता है। ऐसे में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली वार्षिक आर्थिक सहायता किसानों को कृषि कार्यों की तैयारी में मदद दे रही है और परिवार की आर्थिक जरूरतों को संभालने में सहायक बन रही है।
कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड की पसान तहसील अंतर्गत ग्राम पोड़ी कला निवासी किसान श्री विनोद पांडे को भी इस योजना से आर्थिक संबल मिल रहा है। योजना का लाभ मिलने से पहले खेती के जरूरी कार्यों के लिए पूंजी जुटाना उनके लिए कठिन होता था और कई बार दूसरों से उधार लेना पड़ता था। किसान सम्मान निधि के अंतर्गत मिलने वाली सहायता से अब वे समय पर खेतों की जुताई कराने तथा खाद, बीज, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री की व्यवस्था करने में मदद प्राप्त कर रहे हैं। इससे खेती के कामकाज को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने में सुविधा हुई है।
श्री विनोद पांडे प्रतिवर्ष लगभग 30 से 34 क्विंटल धान का विक्रय करते हैं, जिससे उन्हें एक लाख रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होती है। खेती से होने वाली आय और योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग वे कृषि संबंधी जरूरतों के साथ परिवार के दैनिक खर्चों तथा बच्चों की पढ़ाई के लिए करते हैं। इससे घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने और परिवार की दिनचर्या सुचारु बनाए रखने में मदद मिल रही है।
हितग्राही श्री विनोद पांडे ने बताया कि छोटे किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना काफी लाभकारी है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “पहले खेती के लिए खाद-बीज खरीदने और खेतों की जुताई कराने के लिए पैसों की व्यवस्था करना मुश्किल होता था। कई बार दूसरों से उधार लेना पड़ता था। अब किसान सम्मान निधि से मिलने वाली आर्थिक सहायता से खेती के जरूरी काम समय पर करने में मदद मिलती है। धान बेचकर मिलने वाली राशि से बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्च भी पूरे कर पा रहे हैं। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर यह योजना शुरू करने के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”

(Bureau Chief, Korba)





