Friday, February 27, 2026

              KORBA : स्वच्छता महाअभियान : तीसरे दिवस वार्ड क्र. 39 एवं 49 में चलाई गई मेगा स्वच्छता ड्राईव, दोनों वार्डो में हुए वृहद सफाई कार्य

              आयुक्त आशुतोष पाण्डेय पहुंचे महाअभियान में वार्डो में पैदल भ्रमण कर सफाई कार्यो का किया निरीक्षण

              ठेलों, दुकानों, में डस्टबिन न रखने, कचरा फैलाने पर व्यक्त की नाराजगी, दी कड़ी हिदायत, अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने दिये निर्देश

              कोरबा (BCC NEWS 24): नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड एवं बस्तियों की सम्पूर्ण रूप से सफाई किये जाने के मद्देनजर निगम क्षेत्र में स्वच्छता के महाअभियान के तीसरे दिवस आज वार्ड क्र. 39 रिसदा एवं वार्ड क्र. 49 हसदेव क्र. 02 में मेगा स्वच्छता ड्राईव चलाई गई। आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय इन वार्डो में पहुंचे तथा गली-गलीे का भ्रमण कर वृहद पैमाने पर किये जा रहे साफ-सफाई कार्यो का सघन निरीक्षण किया। उन्होने बस्ती की गलियों, नालियों आदि की सम्पूर्ण सफाई किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये तथा स्वच्छता कार्य के दौरान उत्सर्जित अपशिष्ट का स्थल से तुरंत उठाव व परिवहन करने को कहा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा स्वच्छता का महा अभियान संचालित किया जा रहा है।

              महाअभियान के तीसरे दिन आज निर्धारित कार्यक्रमानुसार वार्ड व बस्तियों में मेगा स्वच्छता ड्राईव चलाई गई। तृतीय दिन वार्ड क्र. 39 रिसदा एवं वार्ड क्र. 49 हसदेव क्र. 02 के अंतर्गत आने वाली विभिन्न बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य व संपर्क सड़कों, नालियों में मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित कर नाले एवं नालियों के ऊपर से स्लेब हटाकर उनकी सतह से सफाई, सड़क के किनारे जमी हुई धूल, मिट्टी, बर्म, झाड़ियों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव व परिवहन, कीटनाशक दवाओं, ब्लीचिंग पाउण्डर का छिड़काव आदि के कार्य व्यापक पैमाने पर किये गये। आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने उक्त दोनों वार्डो की विभिन्न बस्तियों व मोहल्लों में पैदल भ्रमण करते साफ-सफाई कार्यो का निरीक्षण किया, उन्होने वार्ड, बस्तियों में स्थित नालियों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों आदि की सम्पूर्ण सफाई करने, सी.एण्ड डी.वेस्ट, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, दुकानों में डस्टबिन न रखने, गंदगी करने व कचरा फैलाने पर संबंधित के खिलाफ कार्यवाही करने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। अभियान के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, कार्यपालन अभियंता अखिलेश शुक्ला, राकेश मसीह, एन.के.नाथ, स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.संजय तिवारी, यशवंत जोगी, एम.एल.बरेठ, शैलेन्द्र नामदेव, सतानंद द्विवेदी, रितेश सिंह, आस्मा डहरिया, धनमोहन रात्रे, पंकज गभेल, ढेलूराम देवांगन आदि के साथ काफी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

              घर-घर पहुंचे आयुक्त, स्वच्छता पर की लोगों से चर्चा

              आयुक्त श्री पाण्डेय ने भ्रमण के दौरान वार्ड क्र. 39 रिसदा एवं वार्ड क्र. 49 हसदेव क्र. 02 के आवासीय क्षेत्रों, बस्तियों में पैदल भ्रमण कर वहाॅं के रहवासियों से डोर-टू-डोर संपर्क किया, उनसे निगम द्वारा नियमित रूप से कराये जा रहे डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण व निगम के साफ-सफाई कार्यो की सघन रूप से जानकारी ली। सड़क, नाली, स्ट्रीट लाईट, पेयजल आदि से जुड़ी व्यवस्थाओं पर उनसे चर्चा की, उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा तत्काल निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस दौरान उन्होने लोगों से पूछा कि उनकी गली व घर में कचरा लेने के लिये रिक्शा प्रतिदिन आता है या नहीं, उनके घरों में डस्टबिन है या नहीं तथा वार्ड, बस्तियों में नियमित सफाई के कार्य होते हैं या नहीं।

              दुकानों, ठेलों में डस्टबिन नहीं, व्यक्त की नाराजगी

              स्वच्छता अभियान निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने पाया कि अनेक स्थानों पर दुकान व ठेला संचालकों द्वारा अपनी दुकानों में डस्टबिन नहीं रखें गये हैं तथा उनके द्वारा गुटका, पाउच, डिस्पोजल व अन्य अपशिष्ट दुकान के आसपास सड़क पर ही फेंका जा रहा है, जिस पर उन्होने गहरी नाराजगी जाहिर की तथा संबंधितों को कड़ी हिदायत दी कि वे शहर की स्वच्छता के साथ खिलवाड़ न करें, अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें व कचरे का डस्टबिन में ही डालें, अन्यथा उन पर कड़ी कार्यवाही की जा सकती है।

              शहर की स्वच्छता में दें सहयोग

              भ्रमण के दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय ने उक्त वार्ड के रहवासियों के साथ ही समस्त आमजनों से अपील करते हुये कहा कि वे शहर की स्वच्छता में व निगम के स्वच्छता महाअभियान में अपनी सहभागिता व सहयोग दें। उन्होने कहा कि सड़क, नाली व सार्वजनिक स्थान पर कचरा न डालें, गीले व सूखे कचरे को पृथक-पृथक डस्टबिन में संग्रहित करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री, कैरीबैग, डिस्पोजल का उपयोग न करें। आयुक्त श्री पाण्डेय ने निगम क्षेत्र के नागरिकों का आव्हान करते हुये कहा कि हम सब संकल्प लें कि हम न तो गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे, कोरबा शहर को सुंदर शहर बनाने, इसे साफ-सुथरा रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

              28 फरवरी को इन वार्डो में अभियान

              स्वच्छता महा अभियान के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 फरवरी को वार्ड क्र. 02 पटेलपारा व वार्ड क्र. 03 साकेत नगर के विभिन्न बस्तियों, कालोनियों, मुख्य व संपर्क सड़कों आदि में विशेष मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित की जाएगी तथा वृहद साफ-सफाई के कार्य किये जाएंगे।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories