कोरबा: जिले के बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर चोरी की वारदात अंजाम दिया गया था। साडा अड्डा कैफे सहित चार दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया गया था। इस मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड युवक और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।
मामला मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 24-25 फरवरी की दरमियानी रात आरोपियों ने कैफे सहित चार दुकानों पर धावा बोला था और कैश पर हाथ साफ किया था। इस मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपियों को अरेस्ट किया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चोरी के पैसे से ब्रांडेड कपड़ों की खरीदारी की थी। इसके अलावा उन्होंने गोवा जाकर अय्याशी में पैसे उड़ाए थे।

सफाईकर्मी ने दी थी सूचना
दरअसल, जब 25 फरवरी की सुबह सफाईकर्मी दुकान के बाहर सफाई करने पहुंचा। उसने देखा कि दुकान का शटर आधा खुला हुआ था और ताला टूटा हुआ था। फाईकर्मी ने तत्काल इसकी सूचना दुकान संचालक को दी। पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड को भी मौके पर बुलाया था।
पुलिस ने जांच तेज करते हुए मुड़ापार पीएम आवास कॉलोनी निवासी राजू दास को गिरफ्तार किया। उसके बताए अनुसार पुलिस ने दो नाबालिग को भी पकड़ा गया। जांच में यह सामने आया कि मास्टरमाइंड राजू नाबालिगों से योजना बनाकर चोरी करवाता था।
पहले गाड़ी चोरी, फिर दुकानों में वारदात
गुरुवार को तीनों आरोपियों ने पीएम आवास कॉलोनी कोरबा से एक गाड़ी चोरी की। इसके बाद वे चोरी की अन्य घटनाओं को अंजाम देने निकल पड़े। एक ही रात में उन्होंने तीन दुकानों के ताले तोड़े।
मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास स्थित साडा अड्डा कैफे में चोरी के बाद आरोपियों ने टीपी नगर कोरबा क्षेत्र में एक बैटरी दुकान और एक अन्य दुकान को भी निशाना बनाया। वहां से नकदी चोरी की गई।

चोरी के पैसे से की ब्रांडेड कपड़ों की खरीदारी
चोरी के बाद तीनों ने ब्रांडेड कपड़ों की दुकानों से खरीदारी की। उन्होंने तीन से चार हजार रुपए कीमत के शर्ट, लगभग दो हजार रुपए के जींस और ब्रांडेड जूते खरीदे।
इसके बाद सभी आरोपी घूमने के लिए गोवा रवाना हो गए। गोवा में मौज-मस्ती के बाद पैसे खत्म होने पर वे वापस कोरबा लौट आए। चोरी के पैसों से उन्होंने होली की तैयारी भी की और इवेंट पास भी खरीदे।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
पुलिस की इन पर लगातार नजर थी। मुखबिर की सूचना पर तीनों को पकड़ लिया गया। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि साडा अड्डा कैफे चोरी मामले में तीनों आरोपी पकड़े गए हैं।
भीमसेन यादव ने पुष्टि की कि राजू दास नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

(Bureau Chief, Korba)



