कोरबा: मंदिर परिसर में तोड़फोड़-आगजनी की वारदात, शिवलिंग को उखाड़कर तालाब में फेंका, घटनास्थल से आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

        कोरबा: जिले में एक युवक ने मंदिर परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने शिव मंदिर में आग लगाई, हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर वहां भी आगजनी की, और शिवलिंग को उखाड़कर तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कटघोरा थाना अंतर्गत जटगा चौकी क्षेत्र का है।

        घटना के अनुसार, युवक ने पहले शिव मंदिर में आग लगाई। इसके बाद उसने तालाब किनारे स्थित हनुमान मंदिर का ताला तोड़ा और वहां भी आगजनी की। इतना ही नहीं, तालाब के पास स्थापित शिवलिंग को उखाड़कर पानी में फेंक दिया गया।

        पहले भी मंदिर परिसर में की गई थी तोड़फोड़

        स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ महीने पहले भी इसी मंदिर परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा ऐसी ही घटना को अंजाम दिया गया था। इस ताजा घटना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।

        आरोपी घटनास्थल से गिरफ्तार

        घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत और थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बैकुंठपुर निवासी रोहित खैरवार के रूप में हुई है, जो जटगा में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था।

        आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई

        एसडीओपी कटघोरा विजय राजपूत ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक ने मंदिर में भगवान के कपड़े और मूर्तियों को जला दिया है, और शिवलिंग को तोड़कर नदी में फेंक दिया है। मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।

        पुलिस के अनुसार, आरोपी बैकुंठपुर का रहने वाला है और जटगा में अपने रिश्तेदार के यहां आया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी शराब के नशे में था या उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



                Hot this week

                रायपुर : सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता से गढ़ा ‘मेरे सपनों का भारत’

                भाषण, चित्रकला, वाद-विवाद, मेंहदी और कबड्डी के साथ हुआ न्योता...

                Related Articles

                Popular Categories