कोरबा: शहर के घंटाघर कॉम्प्लेक्स में रविवार देर रात युवकों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घंटाघर कॉम्प्लेक्स स्थित टी-बार पर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां देर रात तक चाय पीने और धूम्रपान करने के लिए एकत्रित रहते हैं। किसी बात को लेकर दो गुटों में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे और हाथों से हमला कर रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

व्यापारियों ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की
स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों का कहना है कि देर रात तक टी-बार और अन्य दुकानों के खुले रहने से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन विवाद और मारपीट की स्थिति बनती है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने और मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
घंटाघर स्थित पान ठेला सहित शहर के अन्य चौक-चौराहों पर भी देर रात तक दुकानें खुली रहने का मुद्दा उठाया गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समय पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल ने इस घटना पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

(Bureau Chief, Korba)





