मैड्रिड: स्पेन के कॉर्डोबा प्रांत में रविवार रात एक ट्रेन पटरी से उतरकर दूसरी ट्रेन से टकरा गई। हादसे में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 73 यात्री घायल हैं। न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, दोनों ट्रेन में करीब 500 यात्री सवार थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, मलागा से मैड्रिड जा रही ट्रेन पटरी से उतरकर पास की लाइन पर चली गई और वहां मैड्रिड–हुएलवा रूट पर चल रही AVE ट्रेन से टकरा गई। स्थानीय स्वास्थ्य मंत्री एंटोनियो सैंज ने बताया कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
सुरक्षित निकले यात्रियों ने कहा कि यह सब देखने में किसी हॉरर फिल्म जैसा नग रहा था। इस दुर्घटना के कारण आज मैड्रिड और अंडालूसिया के शहरों के बीच चलने वाली 130 से अधिक ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं।
स्पेन रेल हादसे से जुड़ी 5 तस्वीरें…

राहतकर्मी यात्रियों को ट्रेन से सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।

हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा।

मौके पर कई एंबुलेंस और दमकल विभाग की गाड़ियों को तैनात किया गया है।

तस्वीर में हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई एक ट्रेन की है।

यात्री ट्रेन की खिड़कियों को तोड़कर ट्रेन से बाहर निकले।
यात्री बोले- भूंकप जैसा झटका लगा
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ।
स्पेनिश पब्लिक ब्रॉडकास्टर RTVE के पत्रकार साल्वाडोर जिमेनेज भी इर्यो ट्रेन में सफर कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ट्रेन के आखिरी दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिनमें से एक पूरी तरह पलट गया।
जिमेनेज के मुताबिक, ट्रेन शाम 6:40 बजे समय पर मलागा से रवाना हुई थी। कुछ देर बाद अचानक जोरदार झटका लगा और ट्रेन पटरी से उतर गई। इसके बाद यात्रियों को हथौड़ों से खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया।
कई यात्रियों को खिड़कियों से बाहर निकलने के दौरान चोटें भी आईं। कुछ यात्रियों ने ट्रेन के अंदर धुआं भरने की भी शिकायत की।
मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच ट्रेन सर्विस सस्पेंड
स्पेन की रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी ADIF ने बताया कि मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच सभी ट्रेन सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी गई हैं। मौके पर आपातकालीन सेवाएं तैनात हैं और राहत-बचाव कार्य रातभर जारी रहा।
स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने कहा कि वह ADIF के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से हालात पर नजर रखे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्पेन की सेना की इमरजेंसी यूनिट्स भी शामिल की गई हैं।
रेड क्रॉस की टीमें घायलों के इलाज में स्वास्थ्य अधिकारियों की मदद कर रही हैं। यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया।

(Bureau Chief, Korba)





