नई दिल्ली: भारतीय डाक विभाग की 3 नई प्रीमियम सर्विस लॉन्च, पहले फेज में दिल्ली-मुंबई समेत 6 प्रमुख शहरों में शुरुआत, 24 घंटे में गारंटी के साथ पार्सल की डिलीवरी, देरी होने पर मिलेगा पूरा पैसा

              नई दिल्ली: अब आप इंडिया पोस्ट के जरिए अपने जरूरी डॉक्युमेंट्स या पार्सल 24 घंटे के अंदर भेज सकेंगे। भारतीय डाक विभाग ने आज 17 मार्च को 3 नई प्रीमियम सर्विस लॉन्च की हैं।

              इस सर्विस में डाक विभाग से आपको लिखित गारंटी मिलेगी। खास बात ये है कि अगर तय समय में डिलीवरी नहीं हुई तो ‘मनी-बैक गारंटी’ के तहत आपको पूरे पैसे वापस मिलेंगे।

              डाक विभाग की 3 नई सर्विस

              • 24 स्पीड पोस्ट: इसमें आपके जरूरी डॉक्यूमेंट्स बुकिंग के अगले दिन पहुंच जाएंगे।
              • 24 स्पीड पोस्ट पार्सल: यह भारी सामान या बॉक्स के लिए है, जिसे 24 घंटे के अंदर डिलीवर करने की गारंटी है।
              • 48 स्पीड पोस्ट: इसमें आपके पार्सल को पहुंचने में 2 दिन (48 घंटे) का समय लगेगा, यह थोड़ा सस्ता विकल्प हो सकता है।

              दिल्ली-मुंबई समेत 6 शहरों में पहले फेज की शुरुआत

              डाक विभाग ने इस सर्विस को फिलहाल देश के 6 प्रमुख मेट्रो शहरों में शुरू किया है। इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं।

              इन शहरों में डिलीवरी के टाइमलाइन को पूरा करने के लिए विभाग ने अलग से प्रोसेसिंग यूनिट्स बनाई हैं और पार्सल भेजने के लिए हवाई जहाज का इस्तेमाल होगा।

              बिना OTP नहीं मिलेगा पार्सल, 4 खास फीचर्स

              सुरक्षा और टेक्नोलॉजी के मामले में भी डाक विभाग ने बड़ा अपग्रेड किया है:

              • OTP बेस्ड डिलीवरी: अब पोस्टमैन पार्सल तभी देगा, जब आप उसके मोबाइल में सही OTP डालेंगे। इससे पार्सल गलत हाथों में जाने का खतरा खत्म होगा।
              • रियल-टाइम ट्रैकिंग: आप मोबाइल से लाइव देख सकेंगे कि पार्सल इस वक्त कहां है। पार्सल बुक होने से लेकर डिलीवर होने तक हर स्टेप की जानकारी SMS से मिलेगी।
              • फ्री पिकअप: अगर आप एक साथ ज्यादा पार्सल (बल्क बुकिंग) भेजना चाहते हैं, तो डाक विभाग आपके घर या ऑफिस से फ्री में पार्सल उठाएगा।
              • BNPL की सुविधा: कॉर्पोरेट और बिजनेस ग्राहकों के लिए ‘अभी भेजें, बाद में भुगतान करें’ (बाय नाऊ पे लेटर) की सुविधा भी दी गई है।

              सिंधिया बोले- 30 लाख करोड़ का होगा ई-कॉमर्स मार्केट

              सर्विस लॉन्च करते हुए दिल्ली के आकाशवाणी भवन से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह इंडिया पोस्ट के लिए बदलाव का समय है। उन्होंने बताया कि भारत का ई-कॉमर्स बाजार अभी करीब 11 लाख करोड़ रुपए का है, जिसके 2030 तक 3 गुना बढ़कर 30 लाख करोड़ रुपए होने की उम्मीद है।

              डाक विभाग इसी बढ़ते बाजार में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करना चाहता है। सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग अब आधुनिक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार है।

              बिजनेस के लिए ‘बुक नाऊ, पे लेटर’ की सुविधा

              छोटे और बड़े कारोबारियों को लुभाने के लिए विभाग ने कई खास फीचर्स दिए हैं। थोक शिपमेंट के लिए फ्री पिकअप की सुविधा मिलेगी।

              बिजनेस हाउसेस के लिए सेंट्रलाइज्ड बिलिंग और API इंटीग्रेशन जैसे ऑप्शन दिए गए हैं। इससे कंपनियां सीधे डाक विभाग के सिस्टम से जुड़कर अपने पार्सल ट्रैक और मैनेज कर सकेंगी।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories