रायपुर: ‘‘गिफ्ट तिलापिया की वैज्ञानिक खेती’’ विषय पर 7 मई को राजधानी में चिंतन शिविर

          मत्स्य पालन मंत्री रामविचार नेताम करेंगे शिविर का शुभारंभ

          रायपुर (BCC NEWS 24): समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण भारत सरकार के मत्स्य पालन विभाग और राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में 7 मई को राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में एक दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम द्वारा किया जाएगा। गिफ्ट तिलापिया की वैज्ञानिक खेती विषय पर केंद्रित इस शिविर में राज्य के अंतर्देशीय जल संसाधनों को निर्यात की वैश्विक श्रृंखला से जोड़ने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।

          छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित 34 कलस्टर्स में से छत्तीसगढ़ को देश के एकमात्र तिलापिया कलस्टर के रूप में पहचान मिली है। वर्ष 2025-26 में भारत का समुद्री उत्पाद निर्यात 72 हजार 325.82 करोड़ रुपये के ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जिसे और गति देने के लिए अब तिलापिया जैसी प्रजातियों की वैज्ञानिक खेती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में मत्स्य पालन विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ उपस्थित रहकर राज्य में मछली पालन की उत्पादन क्षमता और निर्यात की संभावनाओं पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।



                    Hot this week

                    Related Articles

                    Popular Categories