रायपुर : गोंडियापाल में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा का हुआ शुभारंभ : बस्तर के सुदूर वनांचल ग्राम अब जुड़ेंगे जगदलपुर से, होगा निर्बाध आवागमन

              रायपुर: बस्तर के सुदूर वनांचलों में बसे ग्रामों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए ग्राम पंचायत गोंडियापाल में बुधवार को मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस बस सेवा के शुरू होने से गोंडियापाल सहित आसपास के कई गाँवों के निवासियों का वर्षों पुराना सपना साकार हो गया है। यह बस सेवा नियमित रूप से संभाग मुख्यालय जगदलपुर से गोंडियापाल तक संचालित होगी, जिससे ग्रामीणों के लिए आवागमन अब सुगम हो जाएगा।

              यह महत्वपूर्ण बस रूट चेराकुर, कुंगारपाल, बाकेल, फरसागुडा, भानपुरी, और ब्लॉक मुख्यालय बस्तर से होते हुए सीधे जगदलपुर तक पहुँचेगा। इस कनेक्टिविटी से अंदरूनी क्षेत्र के ग्रामीण सीधे तौर पर इस बस सेवा से जुड़ सकेंगे, जिससे उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने में अब परेशानी नहीं होगी। परिवहन की इस सुविधा से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है, जो इसे विकास की एक बड़ी सौगात मान रहे हैं। वहीं इस बस सेवा के प्रारंभ होने के बाद अब क्षेत्र के ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय या संभाग मुख्यालय तक आवागमन के लिए महंगे निजी परिवहन के साधनों पर निर्भर भी नहीं रहना पड़ेगा।

              बस सेवा के शुभारम्भ के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप और जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री संतोष बघेल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह ग्रामीण विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories