रायपुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से किसान को मिली त्वरित राहत, 24 घंटे में उपलब्ध हुआ खाद

        शिकायत मिलते ही सक्रिय हुआ कृषि विभाग, जिला स्तर पर एनसीएल जारी कर बनाया किसान क्रेडिट कार्ड

        रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभर रही है। सरगुजा जिले के ग्राम सुखरी निवासी किसान श्री अजय राजवाड़े को इस व्यवस्था का लाभ तब मिला, जब उनकी शिकायत का समाधान महज 24 घंटे के भीतर कर दिया गया। श्री अजय राजवाड़े ने बीज एवं खाद की उपलब्धता नहीं होने संबंधी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होते ही कृषि विभाग ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू की और समस्या के कारणों की जांच की गई।

        कृषि विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जे. आलम, समिति प्रबंधक श्री राम भरोस तथा सहायक प्रबंधक श्रीमती भगवती के विशेष प्रयासों से जिला स्तर पर एनसीएल (न्यू क्रेडिट लिमिट) जारी कर किसान का किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तैयार कराया गया। केसीसी बनने के तुरंत बाद किसान को आवश्यक खाद उपलब्ध करा दी गई, जिससे उनकी समस्या का त्वरित निराकरण संभव हो सका। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की भावना के अनुरूप विभागीय अधिकारियों ने समयबद्ध कार्रवाई करते हुए शिकायत का समाधान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया। इससे किसान को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन समय पर प्राप्त हो सके।

        समस्या के शीघ्र समाधान पर श्री अजय राजवाड़े ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 किसानों और आम नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से बिना किसी परेशानी के समस्याओं का त्वरित समाधान मिल रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर लोगों तक प्रभावी सेवाएं पहुंचा रही है।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories