रायपुर : सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी दूरस्थ अंचलों के लोगों की बड़ी उम्मीद

          एक फोन कॉल पर प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त मिली, हितग्राही की समस्या का हुआ त्वरित समाधान

          रायपुर (BCC NEWS 24): मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत बनाने के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन गई है। विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। एक फोन कॉल के माध्यम से उनकी शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।

          प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही को मिला लाभ

          सुकमा जिले के जनपद पंचायत छिंदगढ़ अंतर्गत ग्राम भोपावाड़ा निवासी श्री जोगा हिरमा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की दूसरी किस्त का भुगतान लंबित होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि हितग्राही का आवास निर्धारित स्तर तक पूरा हो चुका है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए दूसरी किस्त के भुगतान के लिए एफटीओ (Fund Transfer Order) जारी किया गया और राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में जमा कर दी गई। इसके बाद संबंधित अधिकारी ने हितग्राही को भुगतान की जानकारी दी और शिकायत का सफलतापूर्वक निराकरण कर दिया गया।

          दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रहा सुशासन

          यह उदाहरण बताता है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 अब केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं, बल्कि समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का मजबूत तंत्र बन चुकी है। दूर-दराज़ के गांवों में रहने वाले नागरिक भी अब अपनी बात सीधे शासन तक पहुंचा रहे हैं और उनकी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

          जनविश्वास का मजबूत माध्यम बनी सीएम हेल्पलाइन

          प्रदेश सरकार की इस पहल से आम लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हुआ है। सीएम हेल्पलाइन 1076 सुशासन की भावना को साकार करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



                    Hot this week

                    Related Articles

                    Popular Categories