रायपुर : फरसागुड़ा उद्वहन सिंचाई योजना को मिली 11 करोड़ 97 लाख की स्वीकृति

        • 885 हेक्टेयर क्षेत्र में होगी खरीफ और रबी की सिंचाई

        रायपुर: राज्य शासन ने बस्तर जिले के विकासखण्ड-बस्तर अंतर्गत कोसारटेडा मध्यम सिंचाई जलाशय परियोजना के मुख्य नहर में फरसागुड़ा उद्वहन सिंचाई योजना के निर्माण कार्य को हरी झंडी दे दी है। इस परियोजना के लिए 11 करोड़ 97 लाख 60 हजार  रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

        परियोजना की क्षमता और लाभ

        योजना पूर्ण होने पर उद्वहन सिंचाई के माध्यम से 530 हेक्टेयर खरीफ और 355 हेक्टेयर रबी सहित  कुल 885 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को सालभर फसलों के लिए पर्याप्त जल मिलेगा और क्षेत्र की कृषि उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। यह योजना अनुसूचित जनजाति उपयोजना के अंतर्गत बजट शीर्ष माँग संख्या-41 से वित्तपोषित होगी। वित्त विभाग ने 04 अगस्त 2025 को परियोजना को स्वीकृति दी है। कार्य की तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही निविदा प्रक्रिया शुरू होगी। साथ ही, निविदा आमंत्रित करने से पहले कम से कम 75 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। निर्माण कार्य स्वीकृत राशि एवं समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना अनिवार्य होगा।

        कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सामग्री और निर्माण की नियमित जांच होगी और किसी भी कमी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही की जाएगी। निविदा प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी होगी। दर या मात्रा में 10 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की स्थिति में पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति आवश्यक होगी। फरसागुड़ा उद्वहन सिंचाई योजना बस्तर जिले के किसानों को खरीफ और रबी दोनों मौसम में सिंचाई का भरोसेमंद स्रोत प्रदान करेगी। जल संसाधनों के बेहतर उपयोग से कृषि उत्पादन बढ़ेगा, किसानों की आमदनी में सुधार होगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।



                Hot this week

                Related Articles

                Popular Categories