रायपुर : धमतरी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भव्य तैयारी

            17 सितंबर को रूद्रेश्वर मंदिर घाट पर प्रज्ज्वलित होंगे ‘आशीर्वाद के दीये’

            ​रायपुर (BCC NEWS 24): प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में निरंतर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के सुअवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गरिमामय आयोजन किया जाएगा। इस वृहद अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला अधिकारियों को इसे व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।

            अभियान का भव्य शुभारंभ 17 सितंबर को शाम 7 बजे रूद्रेश्वर मंदिर घाट, रूद्री में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगा, जहाँ विशाल दीपदान का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही कर्णेश्वर महादेव मंदिर सिहावा, विंध्यवासिनी मंदिर धमतरी, अंगारमोती माता मंदिर गंगरेल सहित जिले के सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, शासकीय परिसरों, स्कूलों, कॉलेजों और घर-घर में दीप प्रज्ज्वलित कर नागरिक अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। मुख्य आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा सफर पर आधारित वृत्तचित्र, विशेष गीत और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अपील रील का प्रदर्शन किया जाएगा।

            अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन कर नोडल और सहायक नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो दैनिक गतिविधियों की डिजिटल मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने जिले के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस अभियान की विविध गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories