रायपुर : दुर्गम पंडो बस्ती तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं, 54 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

              संभावित महामारी की रोकथाम के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, 25 पेयजल स्रोतों का किया गया शुद्धीकरण

              रायपुर (BCC NEWS 24): राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बलरामपुर जिले में विशेष स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत चेरा के आश्रित पंडो बाहुल्य हरिजन पारा में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं तथा संभावित महामारी की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय किए गए।

               आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 54 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर के दौरान 17 लोगों का रक्तचाप परीक्षण, 17 लोगों की शुगर जांच तथा 46 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। इसके अलावा खुजली से प्रभावित 15 मरीजों, दाद से पीड़ित 6 मरीजों और दर्द संबंधी समस्या वाले 5 मरीजों का उपचार कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही 5 लोगों की कुष्ठ रोग संबंधी जांच भी की गई।

              स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल के उपयोग, मौसमी बीमारियों से बचाव तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए गांव में उपयोग किए जा रहे 25 पेयजल स्रोतों का जल शुद्धीकरण भी किया गया।

              स्वास्थ्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को किसी भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तत्काल मितानिन अथवा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से संपर्क करने तथा आवश्यकता पड़ने पर निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार लेने की सलाह दी। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए मितानिनों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गई हैं।

              जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य निगरानी, जांच, जागरूकता और स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे संभावित महामारी की रोकथाम के साथ-साथ ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। यह पहल विशेष पिछड़ी जनजातियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।


                              Hot this week

                              रायपुर : सुकमा- रेत खदानों का अब ई-नीलामी से होगा आबंटन

                              17 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदनगौण खनिज आबंटन...

                              रायपुर : वन अधिकार पत्रधारकों के भूमि सीमा संबंधी विवादों का अब होगा स्थायी समाधान

                              व्यक्तिगत वन अधिकार पत्रों में अब भू-निर्देशांक किए जाऐंगे...

                              Related Articles

                              Popular Categories