रायपुर : राष्ट्रीय आम महोत्सव 2026 : कृषि मंडपम जोरा में 29, 30 एवं 31 मई को होगा भव्य आयोजन

              कृषि मंत्री रामविचार नेताम करेंगे शिरकत

              रायपुर (BCC NEWS 24): उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘प्रकृति की ओर’ सोसाइटी के सहयोग से 29, 30 एवं 31 मई 2026 को कृषि मंडपम, कृषि महाविद्यालय परिसर रायपुर में “राष्ट्रीय आम महोत्सव-2026” का आयोजन किया जाएगा। विगत वर्षों की सफलता को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश एवं प्रदेश की विभिन्न उन्नत आम किस्मों की प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। साथ ही आम से निर्मित खाद्य उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय, आम पौधों का प्रदर्शन, तकनीकी संगोष्ठी, कृषकों एवं उद्यमियों के साथ परिचर्चा तथा वानस्पतिक प्रवर्धन तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा।

              महोत्सव में प्रदेशभर के कृषकों, आम उत्पादकों, उद्यमियों, महिला समूहों, स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों एवं आम प्रेमियों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान आम उत्पादन की नवीन तकनीकों, प्रसंस्करण एवं विपणन संबंधी विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। प्रतिदिन सांयकाल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन हेतु खुली रहेगी तथा पंजीयन एवं प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

              राष्ट्रीय आम महोत्सव-2026 में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम विशेष रूप से शिरकत करेंगे तथा कृषकों एवं आम उत्पादकों को संबोधित करेंगे। उनके आगमन से प्रदेश में उद्यानिकी एवं आम उत्पादक कृषकों को प्रोत्साहन मिलने के साथ कृषकों को नवीन तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त होगी। प्रदेश के समस्त कृषकों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया गया है।


                              Hot this week

                              रायपुर : सुशासन तिहार में दिव्यांगजनों को मिली बड़ी राहत

                              9 दिव्यांगजनों को वितरित किए गए सहायक उपकरणरायपुर (BCC...

                              Related Articles

                              Popular Categories