रायपुर : जिला चिकित्सालय में फिजियोथेरेपी से मरीज ईशान के जीवन में लौटी नई उम्मीद

            विशेषज्ञ फिजियोथेरेपी टीम के समर्पित उपचार से मरीज में उल्लेखनीय सुधार, परिवार ने जताया आभार

            रायपुर (BCC NEWS 24): जिला चिकित्सालय मुंगेली में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है कि एक गंभीर सड़क दुर्घटना के बाद लगभग चलने-फिरने की उम्मीद खो चुके 24 वर्षीय ईशान गुप्ता अब जिला अस्पताल के फिजियोथेरेपी विभाग के विशेषज्ञ उपचार से आत्मविश्वास के साथ दोबारा खड़े होने और चलने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति कर रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि दाउपारा, मुंगेली निवासी ईशान गुप्ता एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। निजी अस्पताल में सफल ऑपरेशन के बाद भी लंबे समय तक बिस्तर पर रहने के कारण उनकी मांसपेशियां कमजोर हो गई थीं और शरीर का संतुलन भी प्रभावित हो गया था। ऐसे कठिन समय में जिला चिकित्सालय के फिजियोथेरेपी विभाग में उनका पुनर्वास उपचार प्रारंभ किया गया।

            फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. उत्कर्ष पाठक ने ईशान की स्थिति का विस्तृत परीक्षण कर चरणबद्ध उपचार योजना तैयार की। नियमित चिकित्सकीय व्यायाम, मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाले विशेष अभ्यास, संतुलन प्रशिक्षण, गेट ट्रेनिंग (चलने का प्रशिक्षण) तथा सतत निगरानी के माध्यम से कुछ ही सप्ताह में उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार दिखाई देने लगा। आज ईशान पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास के साथ सहारे से खड़े होकर चलने का अभ्यास कर रहे हैं। ईशान गुप्ता और उनके परिजनों ने जिला अस्पताल की पूरी फिजियोथेरेपी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें दोबारा सामान्य जीवन जीने की नई उम्मीद मिली है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और फिजियोथेरेपिस्ट की विशेषज्ञता, धैर्य और समर्पण ने उनके जीवन में नई रोशनी भर दी है। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि गंभीर दुर्घटनाओं के बाद यदि समय पर फिजियोथेरेपी और वैज्ञानिक पुनर्वास उपचार शुरू किया जाए, तो मरीजों की शारीरिक क्षमता तेजी से बेहतर होती है और वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ फिजियोथेरेपी सेवाएं मरीजों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।


                          Hot this week

                          Related Articles

                          Popular Categories