रायपुर (BCC NEWS 24): राज्य शासन द्वारा बस्तर जिले के विकासखण्ड बकावंड अंतर्गत उलनार जलाशय के सुधार, नहर मरम्मत एवं नहर लाईनिंग कार्य हेतु 300.38 लाख (रूपये तीन करोड़ अड़तीस हजार) की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना के अंतर्गत जलाशय सुधार एवं नहरों के सुदृढ़ीकरण के माध्यम से सिंचाई क्षमता में वृद्धि की जाएगी। वर्तमान में 210 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता में सुधार करते हुए अतिरिक्त 21 हेक्टेयर क्षेत्र को जोड़कर कुल 231 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कृषकों को सीधा लाभ मिलेगा।
परियोजना पर व्यय अनुसूचित जनजाति उपयोजना अंतर्गत लघु सिंचाई मद से किया जाएगा। शासन ने निर्देश दिए हैं कि कार्य स्वीकृत राशि एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा कार्य प्रारंभ करने से पूर्व तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाए रखने के साथ सभी शासकीय नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। निर्माण कार्य हेतु ड्रॉइंग एवं डिज़ाइन का अनुमोदन सक्षम अधिकारी से कराया जाएगा तथा पर्याप्त बाधा-रहित भूमि उपलब्ध होने के पश्चात ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। यदि भू-अर्जन की आवश्यकता हो, तो इसे स्वीकृत राशि की सीमा में ही किया जाएगा, अन्यथा कार्य शासकीय भूमि पर ही कराया जाएगा।
कार्य में मितव्ययिता, उच्च गुणवत्ता एवं वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। कार्य को अनुबंधानुसार निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना अनिवार्य होगा तथा अनावश्यक समय-वृद्धि की अनुमति नहीं दी जाएगी। परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

(Bureau Chief, Korba)


