मुंबई: शेयर बाजार में आज यानी 1 अप्रैल को तेजी रही। सेंसेक्स 1,187 अंक (1.65%) की तेजी के साथ 73,134 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 348 अंक (1.56%) की बढ़त है, ये 22,679 के स्तर पर पहुंच गया। आज बैंकिंग, मीडिया और मेटल शेयर्स में ज्यादा खरीदारी रही।
बाजार में तेजी के 2 मुख्य कारण
- मिडिल ईस्ट का तनाव खत्म होने के संकेत: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध अगले 2 से 3 हफ्तों में खत्म हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अपना लक्ष्य हासिल कर चुका है और ऑपरेशन लास्ट स्टेज में है।
- ग्लोबल मार्केट से मिले अच्छे संकेतों का असर: दुनियाभर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। आज एशिया के सभी प्रमुख बाजार बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। इससे पहले अमेरिकी बाजार भी तेजी में बंद हुए थे।
एशियाई बाजार में भी तेजी
- साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 8.44% बढ़कर 5,478 पर बंद हुआ।
- जापान का निक्केई इंडेक्स 5.24% बढ़कर 53,739 पर बंद हुआ।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 2.04% बढ़कर 25,294 पर बंद हुआ।
- चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.46% चढ़कर 3,948 पर बंद हुआ।
अमेरिकी बाजार में 31 मार्च को रही बढ़त
- डाउ जोन्स 1,125 अंक (2.49%) बढ़कर 46,341 के स्तर पर बंद हुआ।
- टेक बेस्ड इंडेक्स नैस्डैक कंपोजिट 3.83% बढ़कर 21,590 पर बंद हुआ।
- S&P 500 इंडेक्स 184 अंक (2.91%) बढ़कर 6,528 पर बंद हुआ।
क्रूड 1% घटकर 103 डॉलर प्रति बैरल पर आया
आज कच्चा तेल करीब 1% नीचे हैं। ये 103 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। 28 फरवरी को ईरान जंग शुरू होने से पहले कच्चे तेल के दाम 70 डॉलर प्रति बैरल के आस-पास थे।
30 मार्च को बाजार में रही थी गिरावट
इससे पहले 30 मार्च को सेंसेक्स 1636 अंक (2.22%) की गिरावट के साथ 71,948 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 488 अंक (2.14%) की गिरावट रही, ये 22,331 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं कल यानी 31 मार्च को महावीर जयंती के चलते शेयर बाजार बंद था।

(Bureau Chief, Korba)




