रायगढ़: जिले में अंतर्गत आने वाले ग्राम कांटाझरिया में बीती रात जंगली हाथी के हमले से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची। मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि देने के बाद आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कसडोल के आश्रित गांव कांटाझरिया में बीती रात करीब 10 बजे एक जंगली हाथी गांव में घुसा। जहां महिला चमरीन मांझी (60) को पैरों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। फिलहाल 25 हजार रुपए की सहायता दी गई है। फसल और मकान का प्रकरण बनाकर कार्रवाई की जा रही है।

हाथी ने घरों में की तोड़फोड़।
हाथी के हमले से गांवों में दहशत का माहौल
बुधवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही तमनार पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जंगली हाथी के हमले से महिला की मौत के बाद आसपास के आधे दर्जन से भी अधिक गांव में दहशत का माहौल है।

घर में घुसकर महिला को कुचला।
फसल और मकान को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया
इस संबंध में रायगढ़ रेंजर लीला पटेल ने बताया कि कांटाझरिया में बीती रात हाथी के हमले से महिला की मौत हुई है। मृतका के परिजनों को तात्कालिक सहयता राशि दी गई है। कुछ फसल और मकान को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया है।
महिला को कुलचकर मार डाला
बताया जा रहा है कि मृतका अपने नतनिन के साथ रहती थी, जिस वक्त जंगली हाथी ने तोड़फोड़ की, उस समय उसकी नतनिन टीवी देखने बगल के घर में गई हुई थी। इसी दरम्यान जंगली हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला।
दो दिन पहले बाल-बाल बचा था बाइक सवार
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से एक दंतैल हाथी आसपास के जंगलों में विचरण कर रहा है। दो दिन पहले ही राटरोट रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे बाईक सवार एक युवक जंगली हाथी से टकराते-टकराते बचा था।
गांव-गांव में कराई जा रही मुनादी
रायगढ़ वन परिक्षेत्र के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथी के विचरण करने की जानकारी वन विभाग के द्वारा लगातार गांव-गांव में जाकर मुनादी करा रहा है। ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। साथ ही साथ गांव के ग्रामीणों को जंगल की ओर नही जाने की बात कही जा रही है, ताकि क्षेत्र में जनहानि की घटना घटित न हो।

(Bureau Chief, Korba)




