Wednesday, February 18, 2026

              CG News : 13 साल की छात्रा को अगवा कर रेप, आरोपी युवक नाबालिग को ले गया उत्तर प्रदेश, फिर लगातार करता रहा यौन शोषण; 2 गिरफ्तार

              पुलिस ने रेप के आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

              BILASPUR: बिलासपुर में 13 साल की लड़की से रेप की घटना सामने आई है। आरोपी इमरान बेग ने दोस्ती कर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद नशीला पदार्थ पिलाकर उसे बेहोश कर दिया और अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गया, जहां नाबालिग से रेप की घटना को अंजाम दिया।

              युवक इमरान के भाई ने शादी कराने के लिए लड़की को उत्तरप्रदेश बुलाया था, जिसका खुलासा अब आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद हुआ है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

              जानकारी के मुताबिक, 13 साल की लड़की 8वीं कक्षा में पढ़ती है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्हीं के मोहल्ले में स्थित एक मजार में हमीरपुर निवासी इमरान बेग (21) काम करता था। कुछ महीने पहले इमरान ने पहले तो लड़की से दोस्ती की, फिर उसे प्यार और शादी करने का झांसा दिया। 8 फरवरी को लड़की अपने परिजनों को बिना बताए गायब हो गई। परेशान घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान उन्हें पता चला कि इमरान खान उनकी बेटी को लेकर गया है।

              4 दिन बाद घर लौटी बेटी

              लड़की के पिता ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोगों से जानकारी मिली कि इमरान उनकी लड़की को बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर उन्होंने थाने में इसकी शिकायत की। साथ ही हिंदूवादी संगठनों से मदद मांगी, जिसके बाद दबाव में आए आरोपी के परिजनों ने घटना के 4 दिन बाद लड़की को उसलापुर स्टेशन पर छोड़ दिया। इसके बाद लड़की को पुलिस ने बरामद कर परिजनों को सौंपा।

              अब केस वापस लेने और समझौता करने के लिए आरोपी के परिचित लड़की के माता-पिता को धमकी दे रहे हैं।

              अब केस वापस लेने और समझौता करने के लिए आरोपी के परिचित लड़की के माता-पिता को धमकी दे रहे हैं।

              नशीला पदार्थ पिलाकर किया बेहोश, UP में किया रेप

              लड़की ने पूछताछ में परिजन को बताया कि इमरान ने उसे मिलने के लिए बुलाया था, फिर नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। जब उसे होश आया, तो पता चला कि इमरान उसे उत्तर प्रदेश ले आया है। इस दौरान इमरान ने उससे दुष्कर्म भी किया। बाद में पुलिस ने लड़की के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर रेप और पॉक्सो एक्ट का केस दर्ज किया और आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी।

              आरोपी युवक के भाई ने शादी कराने बुलाया था UP

              पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि आरोपी इमरान बेग ने छात्रा को झांसा देकर उसे अगवा कर उत्तरप्रदेश के हमीरपुर जिले के ग्राम राठ ले गया था। इमरान को उसका बड़ा भाई कामरान बेग (23) ने लड़की से शादी कराने के लिए बुलवाया था। जिसके बाद पुलिस ने कामरान बेग को भी केस में आरोपी बनाया और उसकी भी तलाश शुरू कर दी।

              लगातार लोकेशन बदल रहा था आरोपी, अब गिरफ्तार

              इस केस की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजनेश सिंह ने तोरवा टीआई अंजना केरकेट्‌टा को आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस की एक टीम हमीरपुर भी भेजी गई। लेकिन, आरोपी इमरान और उसका भाई कामरान गायब मिले।

              इसके बाद से पुलिस उनका पीछा कर रही थी। वहीं, आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को गुमराह करते रहे। आखिरकार टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को हमीरपुर से पकड़कर बिलासपुर ले आई।

              केस वापस लेने के लिए दे रहे थे धमकी, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई

              छात्रा के पिता का आरोप है कि घटना के बाद से उन्हें आरोपियों का परिचित शाहरुख केस वापस लेने की धमकी दे रहा है। इतना सबकुछ होने के बाद भी वह लड़की से मिलने आया और उसकी मां को धमकी देने लगा। शाहरुख ने कहा है कि जेल से छूटने के बाद निपट लेंगे और उन्हें बुरा अंजाम भुगतना पड़ेगा। धमकी की शिकायत करने के बाद भी पुलिस मामले को नजरअंदाज कर रही है और परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है।


                              Hot this week

                              Related Articles

                              Popular Categories