नई दिल्ली: दिल्ली एयरपोर्ट में टेकऑफ के दौरान स्विस प्लेन का इंजन फेल हो गया। स्विस एयरलाइंस की LX147 फ्लाइट शनिवार देर रात 1:08 बजे टेकऑफ करने वाली थी। तभी उसका एक इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई। इसके बाद पायलट ने तुरंत विमान रोक दिया।
अधिकारियों ने बताया कि रनवे पर इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल करके सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। 6 यात्री घायल हो गए। फ्लाइट स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख जाने वाली थी।
घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें…

विमान से पैंसजर्स को उतारने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल किया गया।

विमान से नीचे उतरने के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

एयरपोर्ट पर फायरकर्मियों ने विमान के लैंडिंग गियर में लगी आग को बुझाया।
एयरलाइन बोली- टेकऑफ के वक्त लैंडिंग गियर में धुआं दिखा
SWISS एयरलाइन ने एक बयान में कहा, हमें दिल्ली में फ्लाइट LX147 से जुड़ी घटना के बारे में जानकारी मिली है। जिस विमान में खराबी आई, वह एयरबस A330 है। घटना भारतीय समय के अनुसार रात 1 बजे के बाद की है। जैसे ही विमान टेकऑफ करने के लिए रनवे में आया। विमान के बाईं ओर लैंडिंग गियर से धुआं निकलता देखा गया। इसके बाद तुरंत फ्लाइट को रोक दिया गया।
एयरलाइन ने कहा, हमारी स्थानीय टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों की देखभाल कर रही हैं। हम स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर इस मामले पर काम कर रहे हैं। इस घटना के कारणों को पूरी तरह से समझने के लिए हमारी टीम जल्द ही दिल्ली जाएगी।
दिल्ली एयरपोर्ट पर 10 दिन में विमान हादसे की दूसरी बड़ी घटना

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले 10 दिनों में विमान हादसे की दूसरी बड़ी घटना है। 16 अप्रैल को स्पाइसजेट और अकासा एयर के विमान आपस में टकरा गए थे। अकासा का विमान हैदराबाद जाने के लिए तैयार खड़ा था। उसी समय लेह से आया स्पाइसजेट का विमान उससे टकरा गया।
हादसे में स्पाइसजेट के दाहिने पंख का हिस्सा अकासा के बाएं तरफ के पिछले पंख में जा घुसा। घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने दोनों प्लेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया। हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं लगी।

(Bureau Chief, Korba)




